CBSE 10th, 12th Result 2022: सीबीएसई 10वीं और 12वीं के रिजल्ट इस दिन होंगे जारी, जानें डेट और समय सहित सभी डिटेल
CBSE द्वारा 10वीं और 12वीं का रिजल्ट क्रमशः 4 जुलाई और 10 जुलाई 2022 को जारी किए जाने के बारे में अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन ये खबरें झूठी निकलीं। अब रिजल्ट डेट को लेकर नया अपडेट सामने आया है
MoneyControl News
अपडेटेड Jul 13, 2022 पर 12:24 PM
CBSE 10वीं और 12वीं टर्म-2 परीक्षा 2022 में लगभग 35 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे
CBSE Board 10th and 12th Term 2 Results 2022: सीबीएसई बोर्ड 10वीं और 12वीं के रिजल्ट का इंतजार कर रहे लाखों छात्रों के लिए अच्छी खबर है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी CBSE 10वीं और 12वीं के टर्म-2 परीक्षा के रिजल्ट को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। CBSE जल्द ही कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षा के रिजल्ट जारी कर सकता है। सीबीएसई अब रिजल्ट तैयार करने के अंतिम चरण में है और अब इसे जल्द से जल्द घोषित करने का प्रयास किया जा रहा है।
ताजा अपडेट के अनुसार, CBSE इस सप्ताह के अंत में कक्षा 10वीं का रिजल्ट घोषित कर देगा, जबकि कक्षा 12वीं के परिणाम अगले सप्ताह आने की उम्मीद है। रिपोर्टों के अनुसार, कक्षा 10वीं बोर्ड के परिणाम 15 जुलाई से 20 जुलाई के बीच घोषित किए जा सकते हैं।
एक से दो दिन में जारी होगा रिजल्ट
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 15 जुलाई 2022 को कक्षा 10वीं का रिजल्ट जारी किया जाएगा। इसके एक से दो दिन के भीतर कक्षा 12वीं के रिजल्ट की घोषणा की जाएगी।
सीबीएसई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर एएनआई को बताया कि सीबीएसई कक्षा 10वीं और 12वीं के परिणाम जुलाई के अंतिम सप्ताह में बोर्ड द्वारा निर्धारित निर्धारित के अनुसार घोषित होने की संभावना है।
बोर्ड ने अभी तक 10वीं और 12वीं के नतीजों की घोषणा नहीं की है। इससे पहले सीबीएसई द्वारा 10वीं और 12वीं का रिजल्ट क्रमशः 4 जुलाई और 10 जुलाई 2022 को जारी किए जाने के बारे में अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन ये खबरें झूठी निकलीं। आपको बता दें कि 35 लाख से अधिक छात्र अपने रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
यहां चेक कर सकेंगे रिजल्ट
नतीजे जारी होने के बाद छात्र अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट, results.gov.in, cbse.gov.in और cbresults.nic.in पर चेक कर सकते हैं। इसके अलावा छात्र डिजिलॉकर ऐप (Digilocker app) और वेबसाइट digilocker.gov.in के जरिए भी रिजल्ट देख सकते हैं। वहीं, UMANG ऐप के जरिए भी देखा जा सकता है।
ऐसे कर सकेंगे डाउनलोड
- रिजल्ट चेक और डाउनलोड करने के लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट- cbse.gov.in या cbresults.nic.in पर जाएं।
- इसके बाद कक्षा 10वीं रिजल्ट लिंक CBSE 10th result 2022 पर क्लिक करें।
- फिर अपना रजिस्ट्रेशन नंबर या रोल नंबर दर्ज करें।
- अब कक्षा 10वीं का रिजल्ट आपके स्क्रीन पर दिख जाएगा।
- इसके बाद आप PDF स्कोरकार्ड डाउनलोड कर अपने पास रख लें।
35 लाख छात्र कर रहे हैं रिजल्ट का इंतजार
अधिकारियों ने बताया कि CBSE 10वीं और 12वीं टर्म-2 परीक्षा 2022 में लगभग 35 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। इनमें से 10वीं की परीक्षा में 21 लाख और 12वीं की परीक्षा में 14 लाख छात्र उपस्थित हुए थे। दोनों कक्षाओं की परीक्षा 26 अप्रैल से शुरू हुई थी। कक्षा 10वीं की परीक्षा 24 मई तक चली थी, जबकि कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 15 जून तक थीं।
दो साल बाद हुई परीक्षा
कक्षा 10वीं की परीक्षा इस बार दो साल बाद आयोजित की गई थी। इससे पहले, सीबीएसई ने COVID-19 के बढ़ते मामलों के कारण कक्षा 10वीं के लिए फिजिकली परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया था। टर्म 1 की परीक्षा ऑब्जेक्टिव-बेस्ड फॉर्मेट में आयोजित की गई थी, जबकि टर्म 2 की परीक्षा ऑफलाइन आयोजित की गई थी, जिसमें छात्रों को सब्जेक्टिव सवालों के जवाब देने होते थे।
30% अंक लाना जरूरी
CBSE की कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षा पास करने के लिए छात्रों का न्यूनतम 30 फीसदी अंक होना जरूरी है। 10वीं और 12वीं के जिन छात्रों के मार्क्स अपेक्षा अनुरूप नहीं आएंगे, वे कॉपी स्क्रूटनी करा सकते हैं। इसके लिए छात्रों को प्रति विषय 500 रुपये का शुल्क चुकाना होता है। इसके अलावा यदि छात्र एक या दो सब्जेक्ट में फेल हो जाते हैं तो कंपार्टमेंट परीक्षा देकर पास हो सकते हैं।