Delhi Pollution: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को अगले आदेश तक बंद रखने का निर्देश दिया है। शिक्षा निदेशालय (DoE) ने रविवार को कहा कि दिल्ली में वायु प्रदूषण के मद्देनजर स्कूल अगले आदेश तक प्रत्यक्ष कक्षाओं के लिए बंद रहेंगे।
शिक्षा विभाग की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि सभी सरकारी, गैर सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त, बिना सहायता प्राप्त मान्यता प्राप्त, एनडीएमसी, नगर निगम और दिल्ली छावनी बोर्ड के स्कूल अगले आदेश तक बंद रहेंगे।
इस दौरान हालांकि ऑनलाइन पढ़ाई जारी रहेगी। इसके अलावा बोर्ड की परीक्षाएं भी स्कूलों में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत होंगी। शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों के प्रमुख को यह निर्देश दिया है कि वह छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को इन निर्देशों की जानकारी देंगे।
अतिरिक्त शिक्षा निदेशक रीता शर्मा ने कहा कि पर्यावरण विभाग ने वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के अगले आदेश आने तक राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और आस-पास के इलाकों में सभी स्कूलों को तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश दिए हैं। इसलिए अगले आदेश तक सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे।
अधिकारी ने कहा कि ऑनलाइन कक्षाएं और बोर्ड कक्षाओं के लिए परीक्षाएं पूर्व में जारी दिशा निर्देशों के अनुरूप ही संचालित होंगी। गौरतलब है कि दिल्ली सरकार ने खराब वायु गुणवत्ता के मद्देनजर 13 नवंबर को सभी स्कूलों और शिक्षण संस्थानों को बंद करने के आदेश जारी किए थे।
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए सरकार ने स्कूल-कॉलेज, इंस्टीट्यूट, ट्रेनिंग सेंटर और लाइब्रेरी आदि 21 नवंबर तक के लिए बंद कर दिया था और सरकारी कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति दी थी।