NEET Paper Leak: झारखंड में एक पत्रकार गिरफ्तार, गुजरात में CBI ने की ताबड़तोड़ छापेमारी

NEET Paper Leak: ओएसिस स्कूल के प्रिंसिपल एहसानुल हक और उपप्रिंसिपल इम्तियाज आलम को मेडिकल प्रवेश परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले में संघीय जांच एजेंसी पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। बिहार में दर्ज FIR प्रश्नपत्र लीक होने से संबंधित है, जबकि गुजरात और राजस्थान में दर्ज FIR अभ्यर्थियों की जगह पर किसी और व्यक्ति के परीक्षा देने और धोखाधड़ी से संबंधित है

अपडेटेड Jun 29, 2024 पर 9:07 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
NEET Paper Leak: झारखंड में एक पत्रकार गिरफ्तार, गुजरात में CBI ने की ताबड़तोड़ छापेमारी

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने NEET-UG प्रश्नपत्र लीक मामले में गुजरात में सात जगहों पर छापेमारी की और झारखंड में एक पत्रकार को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने शनिवार को ये जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक हिंदी अखबार के पत्रकार जमालुद्दीन अंसारी को शुक्रवार को हजारीबाग के एक स्कूल के प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल की मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। ये दोनों प्रश्नपत्र लीक मामले में आरोपी हैं।

ओएसिस स्कूल के प्रिंसिपल एहसानुल हक और उपप्रिंसिपल इम्तियाज आलम को मेडिकल प्रवेश परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामले में संघीय जांच एजेंसी पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

CBI ने की छापेमारी


उन्होंने बताया कि चार जिलों - आनंद, खेड़ा, अहमदाबाद और गोधरा में संदिग्धों के परिसरों पर छापेमारी की कार्रवाई की गई। जांच एजेंसी गुजरात, राजस्थान, बिहार, दिल्ली और झारखंड में एक बड़ी साजिश की जांच कर रही है।

गोधरा की एक स्पेशल CBI अदालत ने शनिवार को जय जलाराम स्कूल के प्रिंसिपल पुरुषोत्तम शर्मा, शिक्षक तुषार भट्ट और बिचौलियों विभोर आनंद तथा आरिफ वोहरा को जांच एजेंसी की चार दिन की हिरासत में भेज दिया और इन सभी पर गोधरा में पांच मई को हुई नीट-यूजी परीक्षा में अनियमितताओं में शामिल होने का आरोप है।

गुजरात पुलिस ने पांच गिरफ्तार किए

गुजरात पुलिस ने प्रश्नपत्र लीक मामले में प्रिंसिपल और शिक्षक समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। अधिकारियों ने कहा कि CBI जांच से पता चला है कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की तरफ से गोधरा और खेड़ा में चुने गए परीक्षा केंद्रों पर एक ही स्कूल प्रशासन का नियंत्रण था।

एजेंसी ने NEET-UG परीक्षा में कथित खामियों में ‘‘अंतरराज्यीय संपर्क’’ से जुड़ी ‘‘एक बड़ी साजिश’’ का दावा किया है।

अधिकारियों ने कहा कि सीबीआई पुरुषोत्तम शर्मा, तुषार भट्ट, विभोर आनंद और आरिफ वोहरा से पूछताछ करेगी, जिनके बारे में समझा जाता है कि उनके पास ‘‘नीट-यूजी परीक्षा में हेराफेरी की व्यापक साजिश को उजागर करने’’ से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी है।

CBI ने दर्ज की 6 FIR

जांच एजेंसी ने अदालत को बताया कि जांच को आगे बढ़ाना और बड़ी साजिश का पता लगाना जरूरी है। सीबीआई ने इस मामले में छह FIR दर्ज की हैं।

बिहार में दर्ज FIR प्रश्नपत्र लीक होने से संबंधित है, जबकि गुजरात और राजस्थान में दर्ज FIR अभ्यर्थियों की जगह पर किसी और व्यक्ति के परीक्षा देने और धोखाधड़ी से संबंधित है।

NTA ने देश भर के सरकारी और निजी संस्थानों में MBBS, BDS, आयुष और दूसरे संबंधित पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए NEET-UG परीक्षा आयोजित की थी।

इस साल पांच मई को कुल 571 शहर के 4,750 केंद्र पर परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा में 23 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।