PM Vidyalaxmi Yojana : केंद्र और राज्य सरकारें बेहद सामन्य घरों से नाता रखने वाले छात्रों के लिए तमाम कल्याणकारी योजनाएं चलाती हैं। इनमें कई ऐसी योजनाएं भी होती हैं, जो छात्रों को हायर स्टडी के लिए अच्छे संस्थान में एडमिशन के लिए मदद करते हैं। पीएम विद्यालक्ष्मी योजना, इसी योजना में शामिल है। पीएम विद्यालयक्ष्मी योजना के तहत, जो भी छात्र अच्छे उच्च शिक्षण संस्थान (QHEIs) में दाखिला लेता है, उसे बैंक से आर्थिक तौर पर मदद की जाती है। पीएम विद्यालयक्ष्मी योजना का मकसद है छात्रों को आर्थिक मदद देना ताकि पैसे की तंगी की वजह से कोई भी उच्च शिक्षा से वंचित ना रहे।
पिछले साल मिली थी योजना को मंजूरी
बता दें कि पीएम-विद्यालक्ष्मी योजना को पिछले साल केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा मंजूरी दे दी गई थी। यह योजना विशेष रूप से उन विद्यार्थियों को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है, जो उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए वित्तीय सहायता की तलाश में हैं। इस योजना के तहत, सरकार विद्यार्थियों को बिना किसी जटिल प्रक्रिया के शिक्षा के लोन देती है, ताकि वे अपनी पढ़ाई में आ रही आर्थिक समस्याओं का समाधान कर सकें।
इस योजना के तहत, ऋण लेने की प्रक्रिया को बहुत सरल और डिजिटल बना दिया गया है। छात्र सीधे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं और जरूरत के हिसाब से ऋण की राशि चुन सकते हैं। इस योजना के तहत छात्र को उच्च शिक्षा के लिए 10 लाख रुपये तक का ऋण मिल सकता है। यदि छात्र विदेश में शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं, तो यह राशि 20 लाख रुपये तक बढ़ाई जा सकती है। पीएम-विद्यालक्ष्मी योजना में ब्याज दरें भी काफी कम होती हैं, जिससे छात्रों को अधिक खर्च नहीं करना पड़ता। योजना के अंतर्गत ऋण लेने के लिए छात्रों को बैंक खाता होना चाहिए, जिससे सब्सिडी सीधे उनके खाते में भेजी जा सके।
विद्यालक्ष्मी योजना के लिए आवेदन कैसे करें?
उच्च शिक्षा विभाग ने पीएम-विद्यालक्ष्मी योजना के तहत एक पोर्टल शुरू किया है, जहां छात्र शिक्षा ऋण और ब्याज सब्सिडी के लिए आवेदन कर सकते हैं। यह पोर्टल सभी बैंकों के लिए उपलब्ध होगा और आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाया गया है। इसके तहत, छात्रों को ब्याज सब्सिडी ई-वाउचर और सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (CBDC) वॉलेट के माध्यम से प्राप्त होगी।