उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने समीक्षा अधिकारी (आरओ/एआरओ) की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। समीक्षा अधिकारी की प्रीलिम्स परीक्षा में बड़ा बदलाव किया गया है। प्रीलिम्स परीक्षा में अब सिर्फ एक पेपर होगा। एक ही पेपर में सामान्य अध्ययन और सामान्य हिंदी के प्रश्न शामिल होंगे। परीक्षा की अवधि 3 घंटे की होगी। पहले दो पेपर होते थे। जिसमें एक सामान्य अध्ययन और दूसरा हिंदी का पेपर होता था। यह परीक्षा अब 4 दिन तक कराई जाएगी। आयोग ने अपनी वेबसाइट पर नोटिफिकेशन जारी कर इस बात की जानकारी दी है। यानी अब आरओ-एआरओ प्रारंभिक परीक्षा में एक ही प्रश्नपत्र होगा।
पहले सामान्य अध्ययन और हिंदी के दो अलग-अलग प्रश्न पत्र होते थे। एक प्रश्न पत्र में ही सामान्य अध्ययन के 140 और हिंदी के 60 प्रश्न होंगे। वहीं परीक्षा अब दो की जगह तीन घंटे का होगा। लिहाजा अब होने वाली परीक्षा के लिए कैंडिडेट्स को इसी पैटर्न के साथ तैयारी करनी होगी।
22 दिसंबर 2024 को होगी परीक्षा
समीक्षा अधिकारी की परीक्षा पहले फरवरी में हुई थी। लेकिन पेपर लीक होने के बाद इसकी प्रीलिम्स परीक्षा को कैंसिल कर दिया गया था। बड़े पैमाने पर छात्रों ने धरना प्रदर्शन किया था। ऐसे में आयोग ने परीक्षा को रद्द करने का फैसला किया था। इसके बाद आयोग ने दोबारा एग्जाम कराने के फैसला किया था। अब यह परीक्षा 22 दिसंबर 2024 को होगी। इस बारे में आयोग ने अपनी वेबसाइट पर डेट भी डाल दी है। प्रीलिम्स में वैकल्पिक प्रश्न पूछे जाएंगे। कुल 200 प्रश्न होंगे। हर प्रश्न के लिए एक अंक निर्धारित होगा।
मुख्य परीक्षा के बाद बनेंगे समीक्षा अधिकारी
समीक्षा अधिकारी (RO) और सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) के पद पर चयन के लिए प्रीलिम्स और मुख्य परीक्षा देना होता है। जिसमें केवल प्रारंभिक परीक्षा में शॉर्टलिस्ट उम्मीदवार ही बैठ पाएंगे। कैंडिडेट्स को सलाह दी जाती है कि इस भर्ती से संबंधित लेटेस्ट जानकारी के लिए लगातार उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की आधिकारिक वेबसाइट uppsc.up.nic.in विजिट करते रहें।