Electric Scooter Explosion: इलेक्ट्रिक स्कूटर्स में लगातार आग लगने की घटना लगातार सामने आ रही है। ताजा मामला तेलंगाना का है, जहां निजामाबाद कस्बे में मंगलवार रात घर में चार्जिंग में लगी इलेक्ट्रिक स्कूटर की बैटरी के फटने से एक 80 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, इस घटना में उसकी पत्नी और पोते गंभीर रूप से झुलस गए।
पुलिस ने इलेक्ट्रिक स्कूट निर्माता कंपनी Pure EV के खिलाफ IPC की धारा 304-A (लापरवाही से मौत का कारण) के तहत मामला दर्ज किया है। मृतक की पहचान निजामाबाद के सुभाषनगर निवासी बी. रामास्वामी (B Ramaswamy) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, रामास्वामी का बेटा बी प्रकाश (B Prakash) उस इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर का मालिक है, जिसकी बैटरी में विस्फोट हुआ। प्रकाश पेशे से एक दर्जी है।
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, प्रकाश ने पुलिस को बताया कि उसने मंगलवार रात इलेक्ट्रिक स्कूटर की बैटरी निकालकर अपने घर के लिविंग रूम में चार्जिंग में लगा रखा था। प्रकाश और उनकी पत्नी कृष्णवेनी बेडरूम में सो रहे थे, जबकि उनके माता-पिता रामास्वामी और कमलाम्मा अपने पोते कल्याण के साथ लिविंग रूम में सो रहे थे, जहां बैटरी चार्ज हो रही थी।
प्रकाश ने 12.30 बजे बैटरी को चार्ज पर लगाया था और सुबह लगभग 4 बजे अचानक उसमें विस्फोट हो गया। धमाके के बाद कमरे में आग लग गई। रामास्वामी, कमलाम्मा और कल्याण इस घटना में बुरी तरह झुलस गए। प्रकाश और कृष्णवेनी को भी आग की लपटों को बुझाने के दौरान हाथ में मामूली चोटें आईं।
घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रामास्वामी की हालत गंभीर हो गई। इसके बाद फौरन बेहतर इलाज के लिए उन्हें हैदराबाद ले जाने के दौरान उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में प्रकाश ने आरोप लगाया कि दुर्घटना इसलिए हुई, क्योंकि ईवी बैटरी बनाने वाली कंपनी ने उचित मानकों का पालन नहीं किया था। प्रकाश ने पुलिस से उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
बता दें कि लोगों के बीच इलेक्ट्रिक स्कूटर का काफी क्रेज है। ऐसे में मार्केट में भी आए दिन नए-नए इलेक्ट्रिक स्कूटर दस्तक दे रहे हैं। हालांकि, जहां एक ओर इलेक्ट्रिक स्कूटर की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। वहीं इनमें आग लगने की भी खबरें लगातार सामने आ रही हैं, जिसकी वजह से लोगों के मन में इलेक्ट्रिक स्कूटर को लेकर संशय पैदा हो रहा है।