Abhijeet Bhattacharya News: कई दिग्गज बॉलीवुड सुपरस्टार्स को अपनी आवाज दे चुके मशहूर प्लेबैक अभिजीत भट्टाचार्य ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी पर अपनी विवादित टिप्पणी से बखेड़ा खड़ा कर दिया है। सिंगर ने हाल ही में एक पॉडकास्ट चर्चा के दौरान भारतीय स्वतंत्रता सेनानी को 'पाकिस्तान का राष्ट्रपिता' कहकर विवाद खड़ा कर दिया। दिग्गज संगीतकार आर.डी. बर्मन पर विचार रखते हुए भट्टाचार्य ने म्यूजिक कंपोजर और महात्मा गांधी के बीच तुलना की। उन्होंने ये कहा कि बर्मन महात्मा गांधी से काफी बड़े थे। सिंगर के बयान पर सोशल मीडिया यूजर्स आग बबूला हो गए।
लोकप्रिय वेब सीरीज 'पंचायत' (Panchayat Season 3) के सीजन 3 में 'थामे दिल को (Thame Dil Ko...)' गाना गाने वाले 66 वर्षीय सिंगर ने कहा कि पंचम दा महात्मा गांधी से भी बड़े थे। संगीतकार आरडी बर्मन पर चर्चा करते हुए उन्होंने विवादास्पद टिप्पणी करते हुए कहा कि महात्मा गांधी भारत के राष्ट्रपिता नहीं थे, बल्कि वे पाकिस्तान के राष्ट्रपिता थे।
पत्रकार शुभंकर मिश्रा से बाततीच करते हुए भट्टाचार्य ने कहा, "महात्मा गांधी से बड़े पंचम दा (आरडी बर्मन) थे। वह म्यूजिक के राष्ट्रपिता थे। महात्मा गांधी पाकिस्तान के राष्ट्रपिता थे, भारत के नहीं...। पाकिस्तान बनाया गया। महात्मा गांधी को गलती से भारत का राष्ट्रपिता बना दिया गया। वो पाकिस्तान के अस्तित्व के लिए जिम्मेदार थे। पाकिस्तान बाद में भारत से अलग हुआ था। गांधी को गलती से भारत का राष्ट्रपिता कहा गया। पाकिस्तान के जन्मदाता तो वो थे। पिता वो थे। दादा वो थे। नाना वो थे और सबकुछ तो वही थे।"
सिंगर ने आगे कहा कि पंचम दा संगीत की दुनिया में राष्ट्रपिता थे। भट्टाचार्य ने अपने करियर की शुरुआत दिग्गज गायिका आशा भोंसले के साथ एक बंगाली फिल्म से की। उन्हें महान संगितकार आर.डी. बर्मन ने लॉन्च किया था। शुरुआत में उन्होंने आर.डी. बर्मन के साथ एक सिंगर के रूप में स्टेज शो में भी किया।
इस दौरान अभिजीत ने मिथुन चक्रवर्ती, विजय आनंद, आमिर खान, शाहरुख खान, सलमान खान, सैफ अली खान, सनी देओल, संजय दत्त, गोविंदा, अक्षय खन्ना, अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, अजय देवगन, ऋतिक रोशन, रणबीर कपूर, चंद्रचूड़ सिंह, बॉबी देओल, जीतेंद्र कुमार और जिमी शेरगिल सहित कई बॉलीवुड अभिनेताओं के लिए अपनी आवाज दी। इसके अलावा उन्होंने 90 के दशक में कई जबरदस्त हिट फिल्मों में अपनी आवाज दी।
यूजर्स ने पॉडकास्ट पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की, जबकि कुछ ने उनका समर्थन किया। एक यूजर ने कहा, "वह हमेशा सीधे-सादे रहते हैं...मैं ऐसे लोगों का समर्थन करता हूं जो किसी की जूते पॉलिश नहीं करते..।" एक अन्य यूजर ने कहा, "अभिजीत सर की अपनी हिम्मत है।" एक तीसरे यूजर ने टिप्पणी की, "क्या घटिया इंटरव्यू है।" चौथे यूजर ने लिखा, "अभिजीत हिंदुत्व के कट्टर समर्थक हैं। बॉलीवुड लॉबी उनका पक्ष नहीं लेती।" पांचवें यूजर ने कहा, "जब मैंने यह खबर देखी तो मैं चौंक गया। एक बंगाली महात्मा गांधी की आलोचना करने के बारे में कैसे सोच सकता है? तब मुझे एहसास हुआ कि अभिजीत भट्टाचार्य यूपी में पैदा हुए थे।"