Adipurush Ban: डायलॉग पर बवाल के बाद नेपाल में 'आदिपुरुष' बैन, 19 जून से काठमांडू में नहीं दिखाई जाएगी कोई बॉलीवुड फिल्म

Adipurush Banned in Nepal: नेपाल में कई जगहों पर फिल्म को लेकर विरोध प्रदर्शन भी हुए थे। इसके चलते वहां की पुलिस ने काठमांडू से 'आदिपुरुष' को बैन करने का फैसला लिया है। सिर्फ ओम राउत की फिल्म ही नहीं बल्कि सोमवार 19 जून से कोई भी भारतीय फिल्म वहां के थिएटर्स में नहीं चलेगी

अपडेटेड Jun 18, 2023 पर 11:33 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Adipurush Ban: प्रभास और कृति सेनन स्टारर फिल्म 'आदिपुरुष' को कुछ डायलॉग्स को लेकर देश और विदेश में आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है

Adipurush Banned in Nepal: प्रभास और कृति सेनन स्टारर फिल्म 'आदिपुरुष' को कुछ डायलॉग्स को लेकर देश और विदेश में आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। भारत के अलावा खासकर में माता सीता के किरदार से जुड़े एक डायलॉग पर नेपाल में विवाद खड़ा हो गया है। इस बीच, राजधानी काठमांडू के सिनेमाघरों में 'आदिपुरुष' की स्क्रीनिंग रोक दी गई है। नेपाल का कहना है कि 'आदिपुरुष' मेकर्स जब तक मां सीता के जन्म वाले फैक्ट को ठीक नहीं करते वह फिल्म को नहीं चलाएंगे। बता दें कि नेपाल में कई जगहों पर फिल्म को लेकर विरोध प्रदर्शन भी हुए थे। इसके चलते वहां की पुलिस ने काठमांडू से 'आदिपुरुष' को बैन करने का फैसला लिया है। सिर्फ ओम राउत की फिल्म ही नहीं बल्कि सोमवार 19 जून से कोई भी भारतीय फिल्म वहां के थिएटर्स में नहीं चलेगी।

काठमांडू के मेयर बालेन शाह ने अपने सोशल मीडिया पर घोषणा की है कि काठमांडू महानगर क्षेत्र में कोई भी भारतीय फिल्म नहीं दिखाई जाएगी और सभी सिनेमाघरों को इस प्रतिबंध के बारे में सूचित कर दिया गया है। बालेन शाह ने चेतावनी दी थी कि अगर फिल्म 'आदिपुरुष' में से सीता जी के जन्मस्थान को लेकर की गई गलती ठीक नहीं की गई तो राजधानी में किसी भी भारतीय फिल्म की स्क्रीनिंग की अनुमति नहीं दी जाएगी।

राजधानी में सभी फिल्मों पर बैन


हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, बालेन शाह ने रविवार को कहा कि काठमांडू मेट्रोपॉलिटन में सभी भारतीय फिल्में तब तक प्रतिबंधित रहेंगी जब तक कि 'आपत्तिजनक' हिस्से को हटा नहीं दिया जाता। नेपाल के फिल्म प्रमाणन बोर्ड ने कहा है कि "सीता को भारत की बेटी" बताने वाले डायलॉग को बदलने के बाद ही यहां के सिनेमाघरों में फिल्म दिखाने की अनुमति दी जाएगी।

नेपाल फिल्म यूनियन ने काठमांडू के सभी सिनेमा हॉलों से 'आदिपुरुष' की स्क्रीनिंग को बंद करने का आग्रह किया था। उन्होंने पुलिस से राजधानी के बाहर के सिनेमाघरों से सुरक्षा स्थिति का आकलन करने के बाद ही इस आदेश को जारी करने का आग्रह किया था।

एक ट्वीट में मेयर ने कहा कि 'आदिपुरुष' में इस बात का जिक्र है कि 'सीता भारत की बेटी' हैं। उन्होंने कहा कि जब तक इस गलती को ठीक नहीं किया जाएगा, तब तक काठमांडू महानगरीय शहर की सीमा के भीतर किसी भी भारतीय फिल्म को दिखाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

डॉयलॉग में किया जाएगा बदलाव

हाल ही में रिलीज हुई आदिपुरुष के कुछ विवादित डायलॉग्स को लेकर भारत में भी कड़ी आलोचना हो रही है। विवाद बढ़ता देख निमार्ताओं ने घोषणा की है कि वे दर्शकों के सम्मान में डायलॉग्स को फिर से लिखेंगे। एक बयान में कहा गया है कि फिल्म को एक यादगार बनाने के लिए टीम ने जनता और दर्शकों के इनपुट को महत्व देते हुए फिल्म के डॉयलॉग्स में बदलाव करने का फैसला किया है।

निर्माता डायलॉग्स पर फिर से विचार कर रहे हैं, यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं कि इसे फिर से लिखा जाए और जो अगले कुछ दिनों में सिनेमाघरों में दिखाया जाएगा। यह फैसला इस बात का प्रमाण है कि बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कलेक्शन के बावजूद, टीम इस बात को ध्यान में रख रही है कि उनके दर्शकों की भावनाओं को ठेस ना पहुंचे।

ये भी पढ़ें- Adipurush के 'जलेगी भी तेरी बाप की' जैसे आपत्तिजनक डायलॉग में होगा बदलाव, मनोज मुंतशिर ने दी जानकारी

बता दें कि फिल्म में विवादित डायलॉग्स में से एक डायलॉग लंका दहन के दौरान आता है। जब हनुमान जी रावण के बेटे इंद्रजीत से कहते हैं, 'कपड़ा तेरे बाप का! तेल तेरे बाप का! जलेगी भी तेरे बाप की..।' इसके अलावा भी कई अन्य डॉयलॉग्स को लेकर सोशल मीडिया पर लोग भारी आलोचन कर रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।