'बाहुबली' के हाथों होगा रावण दहन, असरानी बनेंगे नारद, बॉलीवुड सितारों से सजी होगी दिल्ली की रामलीला

रामलीला के आयोजकों ने कहा कि अभिनेता ने उनका निमंत्रण स्वीकार कर लिया है और वह 5 अक्टूबर को होने वाले भव्य समारोह के बतौर चीफ गेस्ट शामिल होंगे

अपडेटेड Sep 14, 2022 पर 12:00 PM
Story continues below Advertisement
रामलीला में 'बाहुबली' फिल्म में अपने अभिनय से चर्चित प्रभास दशहरे पर रावण का पुतला फूंकते नजर आएंगे

Dussehra Lav Kush Ramlila: कैबिनेट मंत्री और बॉलीवुड अभिनेता इस बार राजधानी दिल्ली में 10 दिन तक चलने वाली रामलीला में अलग-अलग भूमिकाएं निभाते नजर आएंगे। कोरोना वायरल के कारण दो साल के बाद दिल्ली के लाल किला के मैदान में भव्य रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। इस रामलीला में गणमान्य लोगों के साथ बॉलीवुड के सितारों की भी मौजूदगी देखी जाएगी।

आयोजकों ने दावा किया कि यह अब तक की सबसे बड़ी रामलीला होगी। रामलीला लाल किला मैदान में 26 सितंबर से शुरू होगी। यह अगले महीने दशहरे के दिन समाप्त होगी। लव-कुश रामलीला में 'बाहुबली' फिल्म में अपने अभिनय से चर्चित प्रभास दशहरे पर रावण का पुतला फूंकते नजर आएंगे। वह दशहरे के मौके पर चीफ गेस्ट के तौर पर शामिल होंगे।

बतौर चीफ गेस्ट शामिल होंगे प्रभास


रामलीला के आयोजकों ने कहा कि अभिनेता ने उनका निमंत्रण स्वीकार कर लिया है और वह 5 अक्टूबर को होने वाले भव्य समारोह के बतौर चीफ गेस्ट शामिल होंगे। आयोजकों ने प्रभास को आमंत्रित करने का फैसला इसलिए किया, क्योंकि उनकी बाहुबली के बड़े पैमाने पर हिट होने के बाद वह भारत में सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक बन गए हैं। वह आदिपुरुष का भी हिस्सा हैं, जो रामायण पर आधारित है।

लव कुश रामलीला समिति के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि समिति रामलीला स्थल पर ‘कर्तव्य पथ’ का एक मॉडल तैयार करेगी। इसपर हरे रंग का कालीन बिछा होगा, जिसपर फूलदान रखे होंगे। भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में मैदान को 75 झंडों से भी सजाया जाएगा।

ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर के पुंछ में बड़ा हादसा, बस के खाई में गिरने से 11 लोगों की मौत, 26 घायल

रामलीला के मुख्य प्रवेश द्वार पर भगवान राम की तस्वीर लगी होगी। इसे ‘राम द्वार’ नाम दिया गया है और यह दरियागंज की ओर से आने वालों का स्वागत करेगा। दूसरे द्वार को ‘नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वार’ कहा जाएगा। इस पर ‘कर्तव्य पथ’ पर स्थापित नेताजी की प्रतिमा की तरह एक प्रतिमा दिखाई देगी।

कैबिनेट मंत्री और बॉलीवुड एक्टर भी निभाएंगे किरदार

कुमार ने कहा कि समिति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को दशहरे के लिए आमंत्रित किया है और उनके आने की पुष्टि होने का इंतजार है। उन्होंने कहा कि लव कुश रामलीला समिति लाल किला मैदान में तीन मंजिला विशाल मंच बनाएगी। मंच के ऊपर एक बड़ा राम मंदिर बनाया जाएगा और राम मंदिर के अंदर ‘लीला’ होगी।

उन्होंने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि रामलीला के लिए यह अब तक का सबसे बड़ा मंच होगा। कुमार ने कहा कि तीन कैबिनेट मंत्री भी रामलीला का हिस्सा होंगे। केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे 'ऋषि वशिष्ठ' की, जबकि इस्पात राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते 'ऋषि अगस्त्य' की भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय संसदीय कार्य और संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भजन गाएंगे। उत्तर-पूर्वी दिल्ली से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद मनोज तिवारी 'केवट' की भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा दिग्गज अभिनेता असरानी नारद और टीवी अभिनेता निर्भय वाधवा हनुमान की भूमिका निभाएंगे। बॉलीवुड और टीवी में अपनी विविध भूमिकाओं से पहचान बनाने वाले अखिलेंद्र मिश्रा रावण की भूमिका निभाएंगे। उन्हें ‘चंद्रकांता’ धारावाहिक में क्रूर सिंह की भूमिका निभाने के लिए याद किया जाता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।