Akshay Kumar ने पान मसाला ब्रांड का विज्ञापन करने के लिए बोला 'Sorry' और ये वादा किया

हाल ही में अक्षय कुमार विमल के विज्ञापन में अजय देवगन और शाहरुख खान के साथ नजर आए थे

अपडेटेड Apr 21, 2022 पर 12:21 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Akshay Kumar सोशल मीडिया यूजर्स के निशाने पर आ गए थे

बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार (Akshay Kumar) ने पान मसाला ब्रांड विमल का विज्ञापन करने के लिए अपने फैंस से माफी मांगी है। गुटखा का विज्ञापन करने को लेकर पिछले कई दिनों से आलोचना में घिरे दिग्गज अभिनेता ने कहा कि वह इस ब्रांड के प्रचार से खुद को अलग कर रहे हैं। अक्षय कुमार ने बुधवार, 20 अप्रैल को देर रात एक ट्वीट कर यह जानकारी दी।

अक्षय कुमार पान मसाला ब्रांड के प्रचार को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स के निशाने पर आ गए थे। यूजर्स ने अभिनेता का एक पुराना वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह जीवन में कभी भी तंबाकू का प्रचार न करने की बात कहते नजर आ रहे थे।

ये भी पढ़ें- Electric Scooter: तेलंगाना में इलेक्ट्रिक स्कूटर की बैटरी फटने से 80 वर्षीय शख्स की मौत, पत्नी और पोता गंभीर रूप से झुलसे


54 वर्षीय अभिनेता ने ट्वीट किया, 'मैं माफी चाहता हूं।' उन्होंने बताया कि वह पान मसाला ब्रांड से खुद को अलग कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि इससे अर्जित पूरी राशि किसी नेक कार्य के लिए दान करेंगे।

अक्षय ने अपने ट्वीट में कहा कि मैं अपने सभी फैंस और शुभचिंतकों से माफी मांगना चाहता हूं। पिछले कुछ दिनों में आपकी प्रतिक्रिया ने मुझे बहुत प्रभावित किया है। मैंने तंबाकू का प्रचार न तो किया है और न ही करूंगा, मैं इस संबंध में आपकी प्रतिक्रिया का सम्मान करता हूं...।

फैंस से किया ये वादा

उन्होंने कहा कि मैं पूरी विनम्रता के साथ इस ब्रांड से अलग होता हूं। मैंने इससे अर्जित पूरी रकम को किसी नेक कार्य के लिए दान करने का फैसला किया है। अक्षय ने कहा कि हालांकि (विमल) कंपनी तब तक अपने विज्ञापन में मुझे टीवी पर दिखाती रहेगी, जब तक कि मेरे कॉन्ट्रैक्ट का लीगल टाइम पूरा नहीं हो जाता।

उन्होंने कहा कि हालांकि, मैं भविष्य में विज्ञापनों के चयन में बेहद सावधानी बरतने का वादा करता हूं। इसके बदले में, मैं आपका प्यार और शुभकामनाएं चाहूंगा। बता दें कि इससे पहले, मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने भी खुद को एक पान मसाला ब्रांड के विज्ञापन से अलग कर लिया था। उन्होंने इसके प्रचार से अर्जित धनराशि को वापस करने की जानकारी भी दी थी।

सोशल मीडिया पर ट्रोल होने के बाद लिया फैसला

हाल ही में अक्षय कुमार विमल के विज्ञापन में अजय देवगन और शाहरुख खान के साथ नजर आए थे। इसके बाद से ही अक्षय कुमार को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया जा रहा था। काफी संख्या में उनके फैंस इस बात पर अपनी नाराजगी जता रहे थे। इसी नाराजगी को दूर करने के लिए अभिनेता ने यह बड़ा फैसला लिया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।