Alia Bhatt Pregnant: बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट मां बनने वाली हैं। इस बात की जानकारी उन्होंने खुद अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर दी है। उन्होंने अस्पताल की एक तस्वीर शेयर कर लिखा है कि जल्द ही हमारा बेबी आने वाला है। आलिया ने सोशल मीडिया पर सोनोग्राफी करवाते हुए अपनी एक तस्वीर के साथ प्रेग्नेंसी की जानकारी दी।
आलिया के मुताबिक वे और उनके पति रणबीर कपूर अब दो से तीन होने वाले हैं। तस्वीरों में आलिया किसी हॉस्पिटल के बेड पर लेटी हुई नजर आ रही हैं। उनकी सोनोग्राफी चल रही है और साथ में रणबीर कपूर बैठे हैं। अभिनेत्री का ये पोस्ट कुछ देर में ही वायरल हो गया है। फैंस और सेलेब्स कपल को बधाई दे रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल आलिया अपने पति रणबीर कपूर के साथ लंदन में हैं। इसी साल 14 अप्रैल 2022 को रणबीर और आलिया ने शादी की थी। शादी के करीब ढाई महीने बाद कपल ने अपने फैंस के साथ गुड न्यूज शेयर कर दी है। रणबीर और आलिया की शादी क्लोज फ्रेंड्स और फैमिली के बीच उनके मुंबई स्थित घर वास्तु में हुई थी।
सूत्रों के मुताबिक, आलिया इस साल नवंबर में अपने पहले बच्चे को जन्म दे सकती हैं। बॉलीवुड के सबसे हॉट कपल की मुलाकात 'ब्रह्मास्त्र' के सेट पर 2017 में हुई थी। तब से दोनों एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। आलिया की गुड न्यूज पर करण जौहर से लेकर प्रियंका चोपड़ा, परिणीति चोपड़ा, मौनी रॉय, ईशान खट्टर, अर्चना पूरन सिंह, टाइगर श्रॉफ और मलाइका अरोड़ा समेत कई सेलेब्स ने इस कपल को बधाई दी है।
रणबीर के लिए यादगार साबित हुआ 2022
अभिनेता रणबीर कपूर ने हाल ही में कहा था कि साल 2022 उनके लिए बेहद यादगार साबित हो रहा है। अभिनेता ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने इस साल आलिया भट्ट के साथ शादी की और अब एक के बाद एक उनकी दो फिल्में रिलीज होने वाली हैं।
एक प्रेस कॉन्फेंस में रणबीर से पूछा गया था कि क्या उनकी दो फिल्में 'शमशेरा' और 'ब्रह्मास्त्र : पार्ट वन शिवा' उनके प्रशंसकों के लिए शादी का तोहफा हैं, तो रणबीर ने सवाल के जवाब में यह बात कही। रणबीर ने पत्रकारों से कहा कि यह मेरे लिए बहुत बड़ा साल है। यह मेरे लिए बहुत अच्छा साल है, मैंने शादी कर ली है, यह एक खूबसूरत घटना है जो मेरे जीवन में हुई है।
रणबीर ने अपनी बहुप्रतीक्षित पीरियड एक्शन फिल्म 'शमशेरा' के ट्रेलर के रिलीज होने के अवसर पर यह बातें कहीं। फिल्म में रणबीर अंग्रेजों से आजादी के लिए लड़ने वाले एक डकैत के रूप में नजर आएंगे। 'शमशेरा' 22 जुलाई को हिंदी, तमिल और तेलुगू में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।