बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट (Alia Bhatt) नेटफ्लिक्स (Netflix) की 'हार्ट ऑफ स्टोन' से हॉलीवुड में डेब्यू करने जा रही हैं। इसमें वह हॉलीवुड अभिनेत्री और ‘वंडर वुमन (Wonder Woman)’ स्टार गैल गैडोट (Gal Gadot) के साथ काम करने वाली हैं। फिल्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। दर्शक उनका प्रदर्शन देखने के लिए इंतजार कर रहे है।
'हार्ट ऑफ स्टोन' (Heart of Stone) एक स्पाई थ्रिलर फिल्म होगी, जिसमें गैल गैडोट के अलावा '50 शेड्स ऑफ ग्रे (50 Shades of Grey)' स्टार जेमी डोर्नन (Jamie Dornan) भी नजर आएंगे। आलिया इन दिनों अपनी हालिया रिलीज हुई फिल्म ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ की सक्सेस को एन्जॉय कर रही हैं। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 100 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है।
‘नेटफ्लिक्स इंडिया’ ने दी जानकारी
‘नेटफ्लिक्स इंडिया’ के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर आलिया भट्ट के फिल्म का हिस्सा होने की जानकारी शेयर की गई है। ट्वीट में कहा गया, ‘‘गैल गैडोट और जेमी डोर्नन के साथ आलिया भट्ट भी फिल्म ‘हार्ट ऑफ स्टोन’ में नजर आएंगी।’’ हालांकि, आलिया भट्ट के किरदार से जुड़ी कोई जानकारी अभी साझा नहीं की गई है।
गैट गैडोट ने 'हार्ट ऑफ स्टोन' की शूटिंग शुरू कर दी है। हाल ही में उन्होंने फिल्म के सेट से कुछ तस्वीरें शेयर की थी। वहीं, आलिया भी अब जल्द ही इस पर काम शुरू करने के लिए तैयार हैं। टॉप हार्पर के निर्देशन में बन रही फिल्म 'हार्ट ऑफ स्टोन' की कहानी रिशेल स्टोन की है, जो इंटेलीजेंस ओपरेटिव है।
'गंगूबाई काठियावाड़ी' को लेकर चर्चा में हैं आलिया
उनकी फिल्म 'गंगूबाई काठियावाड़ी' का बर्लिन अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में विश्व प्रीमियर हुआ था। इससे पहले उनकी फिल्म गली बॉय (2019) और हाईवे (2014) का प्रीमियर भी बर्लिनले में हुआ था। गंगूबाई काठियावाड़ी का दूसरे हफ्ते का कलेक्शन 92.22 करोड़ रुपये रहा है। आलिया इससे पहले जोया अख्तर द्वारा निर्देशित गली बॉय में नजर आई थीं, जिसका प्रीमियर उस साल के बर्लिन फिल्म फेस्टिवल में हुआ और यह एक अंतरराष्ट्रीय हिट बन गई।
ग्लोबल सिनेमा के लिहाज से आलिया भट्ट के लिए 'हार्ट ऑफ स्टोन' में काम करना एक बड़ा कदम होने जा रहा है। वर्कफ्रंट की बात करें तो आलिया ने हाल ही में अपनी अपकमिंग फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' का दिल्ली शेड्यूल पूरा किया है। करीब छह साल के अंतराल के बाद करण जौहर इस फिल्म का निर्देशन करेंगे।