आदित्य ठाकरे के करीबी शिवसेना पदाधिकारी के परिसरों पर IT का छापा, पर्यटन मंत्री बोले- 'हम झुकेंगे नहीं'

महाराष्ट्र में सत्ताधारी शिवसेना के पदाधिकारी और शिरडी ट्रस्ट के सदस्य राहुल कनाल के यहां भी आयकर विभाग की छापेमारी चल रही है

अपडेटेड Mar 08, 2022 पर 1:37 PM
राहुल कनाल को आदित्य ठाकरे का करीबी बताया जाता है, यही वजह है कि इस मामले में अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया है

आयकर विभाग (Income Tax department) द्वारा मुंबई और पुणे सहित पूरे महाराष्ट्र में 20 से अधिक परिसरों पर छापेमारी चल रही है। इनमें से 12 साइट मुंबई में स्थित है। छापेमारी परिसर कारोबारियों के हैं और माना जाता है कि वे शिवसेना के मंत्रियों आदित्य ठाकरे (Aditya Thackeray) और अनिल परब के करीबी हैं।

आदित्य ठाकरे के करीबी के यहां चल रही है छापेमारी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महाराष्ट्र में सत्ताधारी शिवसेना के पदाधिकारी और शिरडी ट्रस्ट के सदस्य राहुल कनाल (Rahul Kanal) के यहां भी आयकर विभाग की छापेमारी चल रही है। कनाल पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे के करीबी माने जाते हैं।


आदित्य मुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के बेटे भी हैं। एजेंसी के सूत्रों ने कहा कि कार्रवाई संदिग्ध टैक्स चोरी को लेकर की गई है। आयकर विभाग की टीमें लगातार राहुल के घर और दफ्तरों को खंगाल रहीं हैं और उनका फोन फिलहाल बंद आ रहा है। राहुल को आदित्य ठाकरे का करीबी बताया जाता है। यही वजह है कि इस मामले में अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया है।

'महाराष्ट्र झुकेगा नहीं'

छापेमारी के बारे में पूछे जाने पर पर्यावरण और पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा कि पूर्व में भी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग हुआ, यह बंगाल, आंध्र प्रदेश में हुआ और अब महाराष्ट्र में भी हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियां ​​एक तरह से भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ही प्रचार मशीनरी बन गई हैं। लेकिन हम झुकेंगे नहीं, महाराष्ट्र झुकेगा नहीं।

इस बीच, बीजेपी विधायकों ने कैबिनेट मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता नवाब मलिक के इस्तीफे की मांग को लेकर महाराष्ट्र विधानसभा के बाहर धरना दिया। मलिक को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दाऊद इब्राहिम से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था।

ये भी पढ़ें- IC-814 Hijacking: पाकिस्तान में मारा गया कंधार विमान हाईजैक में शामिल आतंकी मिस्त्री जहूर इब्राहिम, पीड़ित रूपिन कात्याल को दो दशक बाद मिला न्याय

पिछले दिनों भी शिवसेना नेताओं के घर हुई थी रेड

बता दें कि आयकर विभाग द्वारा हाल ही में मुंबई में शिवसेना के एक पार्षद और बीएमसी के कुछ पार्षदों के परिसरों पर की गई छापेमारी में 130 करोड़ रुपये की लगभग तीन दर्जन संपत्तियों का पता लगाया था, जिसमें कुछ कथित बेनामी सम्पत्तियां भी शामिल हैं।

केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने द्वारा जारी एक बयान में कहा था कि विभाग ने मुंबई में 25 फरवरी को 35 से ज्यादा परिसरों पर छापेमारी की। बयान के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इन ठेकेदारों ने फर्जीवाड़ा कर दो सौ करोड़ रुपये की आय छिपाई।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।