लिबर्टी गेम्स (Liberty Games) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, बॉलीवुड की मशहूर प्लेबैक सिंगर अलका याग्निक (Alka Yagnik) के गाने पिछले 12 महीनों में YouTube पर 14.8 बिलियन बार स्ट्रीम किए गए, जिससे वह दुनिया में सबसे ज्यादा सुनी जाने वाली गायिका बन गई हैं। लिबर्टी गेम्स ने हर देश में शीर्ष म्यूजिक कलाकारों की पहचान करने के लिए YouTube के वीडियो म्यूजिक चार्ट से प्ले काउंट का विश्लेषण किया है। गेम्स ने पाया कि दुनिया भर के चार्ट में भारतीय गायकों का दबदबा है। अल्का याग्निक के अलावा, अरिजीत सिंह (Arijit Singh), कुमार सानू (Kumar Sanu) और उदित नारायण (Udit Narayan) जैसे गायकों को भी दुनिया के शीर्ष-10 सबसे अधिक सुने जाने वाले सिंगरों की सूची में जगह मिली है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि 'पुष्पा (Pushpa)' फिल्म के गाने (Pushpa songs) दुनिया में तीन सबसे ज्यादा सुने जाने वाले गानों में शामिल हैं, जिसमें कुल मिलाकर 3.1 बिलियन स्ट्रीम हैं।
ये हैं टॉप-10 ग्लोबल आर्टिस्ट
शीर्ष वैश्विक कलाकारों की सूची में पहले स्थान पर 14.8 बिलियन व्यूज के साथ अल्का याग्निक हैं। इसके बाद प्यूर्टो रिकान रैपर बैड बन्नी (Bad Bunny) हैं। उदित नारायण 10.6 बिलियन YouTube व्यूज के साथ दुनियाभर के गायकों की लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं। चौथा स्थान अरिजीत सिंह को मिला है, जिनके गाने पिछले एक साल में 10.2 बिलियन बार स्ट्रीम किए गए।
इसके अलावा कुमार शानू को YouTube प्ले काउंट्स के मामले में पांचवें सबसे लोकप्रिय संगीत कलाकार के रूप में स्थान दिया गया है। वहीं, भोजपुरी गायक खेसारी लाल यादव (Khesari Lal Yadav) लिस्ट में सातवें स्थान पर रहे, जबकि ब्लैकपिंक (Blackpink) 7.29 बिलियन व्यूज के साथ आठवें स्थान पर रहा। दिवंगत गायिका लता मंगेशकर लिस्ट में नौवें स्थान पर रहीं, जबकि शिल्पी राज ने 10वें स्थान पर रहते हुए सूची में अपना स्थान बनाने में कामयाब रहीं।
लिस्ट में भारतीयों का दबदबा
YouTube पर दुनिया के सबसे अधिक सुने जाने वाले कलाकारों की सूची में भारतीयों का दबदबा है। लिस्ट में दुनिया के 10 में से सात सिंगर सिर्फ भारतीय हैं। अरिजीत सिंह पिछले साल न सिर्फ भारत के सबसे लोकप्रिय कलाकारों में से एक थे, बल्कि वे नेपाल, बांग्लादेश और मालदीव जैसे देशों में भी सूची में सबसे ऊपर थे।
बॉलीवुड ट्रैक और भारतीय पॉप गाने भी दुनिया के 10 सबसे ज्यादा सुने जाने वाले गानों में शामिल हैं। इनमें शीर्ष तीन गाने अकेले फिल्म 'पुष्पा: द राइज' के हैं।