Allu Arjun Bail: अभिनेता अल्लू अर्जुन को बड़ी राहत! तेलंगाना हाई कोर्ट से मिली जमानत, नहीं जाएंगे जेल

Sandhya Theatre Woman Death Case: लोकप्रिय तेलुगु अभिनेता अल्लू अर्जुन को उनकी हाल में रिलीज हुई चर्चित फिल्म 'पुष्पा 2: द राइज' के प्रीमियर के दौरान एक महिला की मौत के मामले में हैदराबाद पुलिस ने शुक्रवार (13 दिसंबर) गिरफ्तार कर लिया। अभिनेता को कड़ी सुरक्षा के बीच उनके घर से हिरासत में लिया गया और फिर पुलिस की गाड़ी में चिक्कड़पल्ली पुलिस थाने ले जाया गया

अपडेटेड Dec 13, 2024 पर 6:00 PM
Allu Arjun Arrested: अल्लू अर्जुन को 4 दिसंबर को हैदराबाद में मची भगदड़ के सिलसिले में पुलिस ने गिरफ्तार किया था

Allu Arjun Bail: तेलुगु अभिनेता अल्लू अर्जुन को तेलंगाना हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मिल गई है। उन्हें 4 दिसंबर को संध्या थिएटर में उनकी फिल्म 'पुष्पा 2: द रूल' के प्रीमियर के दौरान कथित भगदड़ के दौरान एक महिला की मौत के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में स्थित थिएटर में 'पुष्पा 2' की स्क्रीनिंग के दौरान महिला की मौत के मामले में गिरफ्तारी के बाद अल्लू अर्जुन को निचली अदालत ने 14 दिन के न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अर्जुन को महिला की मौत के मामले में शुक्रवार (13 दिसंबर) को हैदराबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

अभिनेता को कड़ी सुरक्षा के बीच उनके घर से हिरासत में लिया गया और पुलिस वाहन में चिक्कड़पल्ली पुलिस थाने ले जाया गया। 4 दिसंबर की रात को बड़ी संख्या में प्रशंसक अभिनेता की एक झलक पाने के लिए संध्या थिएटर में उमड़ पड़े थे। उसी दौरान भगदड़ मचने से 35 वर्षीय महिला रेवती की मौत हो गई थी और उसका 8 वर्षीय बेटा घायल हो गया था।

हैदराबाद पुलिस ने महिला के परिवार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर अल्लू अर्जुन, उनकी सुरक्षा टीम और थिएटर मैनेजर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और 118 (1) के तहत चिक्कड़पल्ली पुलिस थाने में मामला दर्ज किया है। अल्लू अर्जुन ने 11 दिसंबर को तेलंगाना हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाकर महिला की मौत के संबंध में उनके खिलाफ दर्ज FIR को रद्द करने का अनुरोध किया था। औपचारिक गिरफ्तारी के बाद अल्लू अर्जुन को मेडिकल जांच के लिए गांधी अस्पताल ले जाया गया।


अभिनेता ने हादसे पर जताया शोक

अल्लू अर्जुन ने पिछले सप्ताह मृतका के परिवार को 25 लाख रुपये देने की घोषणा की थी। साथ ही शोक संतप्त परिवार को आश्वासन भी दिया था कि वे इस दुख की घड़ी में अकेले नहीं हैं और वह व्यक्तिगत रूप से परिवार से मुलाकात करेंगे। इससे पहले, पुलिस ने अल्लू अर्जुन की फिल्म के 'प्रीमियर शो' के दौरान भीड़ में धक्की-मुक्की और दम घुटने की वजह से महिला की मौत को लेकर दर्ज मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार लोगों में थिएटर के मालिकों में से एक व्यक्ति, वरिष्ठ मैनेजर और निचली बालकनी का प्रभारी शामिल है।

कैसे हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, फिल्म और फिल्म के मुख्य कलाकारों को देखने के लिए थिएटर में भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। हालांकि, थिएटर मैनेजर या कलाकारों की टीम की ओर से इस बात की कोई सूचना नहीं दी गई थी कि वे थिएटर में आएंगे। पुलिस की एक विज्ञप्ति में कहा गया था, "थिएटर मैनेजमेंट ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा के संबंध में कोई अतिरिक्त प्रावधान नहीं किया था और न ही अभिनेताओं की टीम के लिए कोई अलग प्रवेश या निकास की व्यवस्था थी, हालांकि थिएटर प्रबंधन को उनके आने की सूचना थी।"

अल्लू अर्जुन चार दिसंबर की रात करीब साढ़े 9 बजे अपने निजी सुरक्षाकर्मियों के साथ थिएटर में आए और वहां एकत्र लोगों ने उनके साथ थिएटर में प्रवेश करने की कोशिश की। विज्ञप्ति के अनुसार, "उनकी (अल्लू अर्जुन) निजी सुरक्षा टीम ने लोगों को धक्का देना शुरू कर दिया जिससे स्थिति और बिगड़ गई, क्योंकि थिएटर में पहले से ही भारी भीड़ जमा थी। मौके का फायदा उठाते हुए अभिनेता और उनकी सुरक्षा टीम के साथ बड़ी संख्या में लोग निचली बालकनी वाले क्षेत्र में घुस गए।"

ये भी पढ़ें- 'कपड़े तक बदलने नहीं दिए': गिरफ्तारी के लिए हैदराबाद पुलिस के बेडरूम में घुसने से अल्लू अर्जुन नाराज, देखें वीडियो

विज्ञप्ति में कहा गया है, "इससे रेवती और उसके बेटे को भारी भीड़ के कारण घुटन महसूस हुई, जिन्हें ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल निचली बालकनी से बाहर निकाला और महिला के बेटे को सीपीआर दिया तथा तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने बताया कि महिला की मौत हो चुकी है।" लड़के का वर्तमान में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में इलाज जारी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।