Pushpa 2: अल्लू अर्जुन की फिल्म 'पुष्पा 2: द रूल' का इंतजार फैंस काफी बेसब्री से कर रहे हैं। इस फिल्म के रिलीज होने से पहले ही इसके टिकटों की बुकिंग भी होनी शुरू हो गई है। इस फिल्म का क्रेज इसी बात से समझा जा सकता है कि एडवांस बुकिंग के मामले में ये फिल्म हर रोज नया रिकॉर्ड बना रही है। अल्लू अर्जुन के इस फिल्म का क्रेज इस कदर दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा है कि अब तक इसके 11 लाख से ज्यादा टिकट बिक गए हैं। वहीं इन सबके बीच टिकटों के कीमत को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है।
पुष्पा को लेकर बड़ी जानकारी आई सामने
अल्लू अर्जुन की इस फिल्म को लेकर अब एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक आंध्र प्रदेश सरकार ने 'पुष्पा 2' के लिए थिएटरों में टिकट की कीमतें बढ़ाने की अनुमति दे दी है। इस फैसले के बाद आंध्र प्रदेश में यह फिल्म किसी तेलुगू फिल्म की सबसे महंगी टिकट वाली फिल्म बन गई है। राज्य सरकार द्वारा निर्धारित टिकट की कीमतें अब तक के रिकॉर्ड को पार कर गई हैं। बता दें कि इस बात की जानकारी खुद अल्लू अर्जुन को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दी।
आंध्र प्रदेश में इतनी होगी टिकट की कीमत
अल्लू अर्जुन ने इस निर्णय के लिए आंध्र प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री की उन्नति और समृद्धि के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। आंध्र प्रदेश सरकार ने सिंगल स्क्रीन थिएटर्स में टिकट की कीमत 324.50 रुपये तय की है, जबकि मल्टीप्लेक्सों में यह 413 रुपये होगी। यह कीमतें फिल्म की रिलीज के दिन से लेकर अगले 12 दिन यानी 6 दिसंबर से 17 दिसंबर तक लागू रहेंगी। इस दौरान थिएटर्स में 'पुष्पा 2' के 5 शोज दिखाए जाएंगे, जिससे दर्शकों को फिल्म देखने के लिए कई विकल्प मिलेंगे।
तेलंगाना में भी 'पुष्पा 2' के लिए टिकट की कीमतों में वृद्धि की गई है। अल्लू अर्जुन ने इस निर्णय के लिए तेलंगाना सरकार का आभार व्यक्त किया है। तेलंगाना में अल्लू अर्जुन की फिल्म के प्रीमियर शोज (बुधवार) के लिए टिकट प्राइस 1200 रुपये है। वहीं प्रीमियर के बाद के दिनों में फिल्म की टिकट कीमतें आम दर्शकों के लिए कुछ हद तक कम कर दी जाएंगी। सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों के लिए टिकट की अधिकतम कीमत 354 रुपये और 531 रुपये करने की अनुमति दी है।