Amazon Prime Video News: जल्द ही एमेजॉन प्राइम पर अब कोई वेब सीरीज या मूवीज देखेंगे तो बीच-बीच में विज्ञापन भी आएंगे। कंपनी अपने ऐड बिजनेस को आगे बढ़ाने पर जोर दे रही है। इसके तहत कंपनी ने 15 अक्टूबर को ऐलान किया कि अगले साल 2025 से इसके प्लेटफॉर्म पर वीडियोज में बीच-बीच में विज्ञापन भी दिखाए जाएंगे। हालांकि कंपनी ने यह भी कहा कि टीवी और बाकी ऑनलाइन स्ट्रीमिंग टीवी प्रोवाइडर्स की तुलना में इस पर कम ऐड दिखेंगे। हालांकि यूजर्स को ऐड फ्री विकल्प भी मिलेगा और इसके लिए प्राइस का ऐलान जल्द ही किया जाएगा।
कंपनी ने कहा कि जब प्राइम वीडियो में ऐड लाए जाएंगे तो उससे कुछ हफ्ते पहले ही प्राइम मेंबर्स को मेल के जरिए सूचना दे दी जाएगी। इसमें यह भी बताया जाएगा कि ऐड-फ्री ऑप्शन के लिए कैसे साइन अप कर सकते हैं। लाइव इवेंट जैसे कि स्पोर्ट्स के कंटेंट में ऐड जारी रहेगा। एमेजॉन ने अपने ऑनलाइन वीडियो स्ट्रीमिंग में ऐड जोड़ने का फैसला इसलिए किया ताकि यह कंटेट में निवेश कर सके और इस निवेश को आगे बढ़ाती भी रहे।
लेकिन इन यूजर्स की पॉकेट पर नहीं पड़ेगा कोई असर
ऐड-फ्री वीडियोज के लिए एमेजॉन जल्द ही प्राइसिंग प्लान लाएगी। हालांकि कंपनी का यह भी कहना है कि प्राइम मेंबरशिप में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। फिलहाल यह 1499 रुपये में है। इसके अलावा कंपनी के फैसले का प्राइम लाइट सब्सक्राइबर्स पर भी असर नहीं होगा। प्राइम लाइट सब्सक्राइबर्स के पास प्राइम वीडियो के सभी वीडियो कंटेंट का एक्सेस रहता है लेकिन किसी एक या डिवाइस चाहे टीवी या मोबाइल पर और यह ऐड के साथ 720p हाई-डेफिनिशन रिजॉल्यूशन में।
MX Player के अधिग्रहण के बाद Amazon अब प्राइम में भी जोड़ रही ऐड
एमेजॉन प्राइम ने प्राइम मेंबर्स के लिए कंटेंट के साथ ऐड जोड़ने का ऐलान ऐसे समय में किया, जब अभी हाल ही में इसने अपनी प्रतिद्वंद्वी एमएक्स प्लेयर को खरीद लिया। ऐड के साथ वीडियो दिखाने वाले एमेजॉन मिनीटीवी और एमएक्स प्लेयर को यह मिलाकर एमेजॉन एमएक्स प्लेयर में बदल रही है। मनीकंट्रोल ने पहले ही जानकारी दी थी कि एमेजॉन एमएक्स प्लेयर कंपनी के डिजिटल ऐड रेवेन्यू को बढ़ाने की स्ट्रैटेजी का एक अहम हिस्सा है।
भारत के साथ-साथ ब्राजील, जापान, न्यूजीलैंड और नीदरलैंड के देशों में भी अगले साल 2025 से एमेजॉन प्राइम वीडियो में ऐड दिखने लगेंगे। कंपनी ने इसका ऐलान सबसे पहले सितंबर 2023 में किया था क्योंकि इसकी प्रतिद्वंद्वी कंपनिआं नेटफ्लिक्स और डिज्नी+ ऐसा ही ऐलान पहले भी कर चुकी थीं। एमेजॉन ने प्राइम वीडियो में ऐड पहले यूनाइटेड स्टेट्स, यूनाइटेड किंगडम, जर्मनी और कनाडा में जनवरी 2024 में जोड़ा था। इसके बाद यह ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, मैक्सिको, ऑस्ट्रिया, इटली और स्पेन में हुआ। अमेरिका में ऐड-फ्री ऑप्शन के लिए एमेजॉन प्राइम हर महीने के लिए 2.99 डॉलर अतिरिक्त ले रही है।