Aryan Khan Drug Case: ड्रग्स केस में आर्यन खान के खिलाफ NCB की SIT को नहीं मिला कोई सबूत! नहीं थे किसी तस्करी सिंडिकेट का हिस्सा

एक अधिकारी ने कहा कि आर्यन खान के पास कभी भी ड्रग्स मिला नहीं था, इसलिए उसका फोन लेने और उसकी चैट की जांच करने की कोई आवश्यकता नहीं थी

अपडेटेड Mar 02, 2022 पर 11:58 AM
मुंबई क्रूज ड्रग्स मामले में अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को क्लीन चिट मिलती दिखाई दे रही है

इस बात का कोई सबूत नहीं मिला है कि बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) के बेटे आर्यन खान (Aryan Khan) ड्रग्स की एक बड़ी साजिश या अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी सिंडिकेट का हिस्सा थे। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो NCB) की जांच टीम SIT के एक अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर हिंदुस्तान टाइम्स को यह जानकारी दी। इस रिपोर्ट के बाद अब मुंबई क्रूज ड्रग्स मामले में आर्यन खान को आखिरकार क्लीन चिट मिलती दिखाई दे रही है।

SIT (Special Investigative Team) ने अखबार के साथ अपनी जांच के कुछ निष्कर्ष साझा किए हैं जिसमें बताया गया है कि आर्यन खान के पास कोई ड्रग्स नहीं था। एक अधिकारी ने कहा कि आर्यन खान कि चैट से यह नहीं पता चलता कि वह किसी अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का हिस्सा था, इसके अलावा क्रूज पर छापे के दौरान अनियमितता बरती गई।

अधिकारी ने कहा कि आर्यन खान के पास कभी भी ड्रग्स मिला नहीं था, इसलिए उसका फोन लेने और उसकी चैट की जांच करने की कोई आवश्यकता नहीं थी। चैट से यह नहीं पता चलता कि खान किसी अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का हिस्सा थे।


ये भी पढ़ें- Russia-Ukraine War News: यूक्रेन पर आक्रमण के बाद Apple ने रूस में रोकी सभी प्रोडक्ट की सेल, App Store से हटाए RT और Sputnik के ऐप्स

जांच टीम ने कहा कि छापेमारी की वीडियो-रिकॉर्डिंग नहीं की गई थी जैसा कि एनसीबी मैनुअल द्वारा अनिवार्य किया गया था और मामले में गिरफ्तार किए गए कई आरोपियों के पास से बरामद नशीली दवाओं को एकल बरामदगी के रूप में दिखाया गया है।

हालांकि, अभी एसआईटी जांच पूरी नहीं हुई है और एनसीबी के महानिदेशक एस एन प्रधान को अपनी अंतिम रिपोर्ट सौंपने में कुछ महीने लग सकते हैं। एक अधिकारी ने कहा कि अंतिम निर्णय से पहले एक कानूनी राय ली जाएगी, विशेष रूप से इस पहलू पर कि क्या खान पर उपभोग के लिए आरोप लगाया जा सकता है, भले ही वह कोई ड्रग्स नहीं ले रहा हो।

ऐसा लगता है कि एसआईटी जांच छापेमारी और एजेंसी के मुंबई जोनल यूनिट के पूर्व डायरेक्टर समीर वानखेड़े के आचरण पर और सवाल उठाती है। वानखेड़े को उनके मूल कैडर में वापस भेज दिया गया है और उनसे मामले में सच्चाई का पता लगाने के लिए एसआईटी एवं एजेंसी की सतर्कता टीम दोनों द्वारा कई बार पूछताछ की जा चुकी है।

वानखेड़े ने पिछले साल 2 अक्टूबर की रात को मुंबई के ग्रीन गेट पर अंतर्राष्ट्रीय क्रूज टर्मिनल पर एक क्रूज जहाज कॉर्डेलिया पर छापा मारने के लिए अधिकारियों और कुछ गवाहों की एक टीम का नेतृत्व किया था। एनसीबी ने क्रूज पोत से 13 ग्राम कोकीन, पांच ग्राम मेफेड्रोन, 21 ग्राम मारिजुआना, 22 गोलियां एमडीएमए (एक्स्टसी) और 1.33 लाख रुपये नकद जब्त किए थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।