Bigg Boss 18: बिग बॉस का 18वां सीजन अपने विनर के नाम की घोषणा के साथ खत्म हो गया। सलमान खान के होस्ट किए गए इस रियलिटी शो को टीवी पर सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है। इस सीजन के खत्म होने के बाद से ही फैंस इसके दूसरे सीजन का इंतजार करने लगे हैं। बिग बॉस का 18वां सीजन ने अंत तक ड्रामा और कैटफाइट्स के चलते दर्शकों को अपनी स्क्रीन से जोड़े रखा। बिग बॉस के 18वें सीजन के विनर करणवीर मेहरा बने।
वहीं विवियन डीसेना बिग बॉस के 18वें सीजन के फर्स्ट रनर अप रहें। करणवीर मेहरा के जीतने के बाद से ही सोशल मीडिया पर बिग बॉस ट्रेंड करने लगा है, जिसमें लोग बिग बॉस पर कई तरह के आरोप लगा रहे हैं। वहीं सोशल मीडिया पर भी लोग काफी कमेंट कर रहे हैं।
लोगों ने स्क्रिप्टेड बताया शो
तीन महीने से ज्यादा समय तक चले बिग बॉस 18 के नॉन-स्टॉप ड्रामे का सफर करणवीर मेहरा के ट्रॉफी जीतने के साथ खत्म हो गया। इससे पहले करणवीर ने खतरों के खिलाड़ी 14 का खिताब भी अपने नाम कर चुके हैं। बिग बॉस 18 की ट्ऱॉफी जीतने पर एक्टर को 50 लाख रुपये का इनाम भी मिला। लेकिन सोशल मीडिया को देखकर ऐसा लग रहा है कि लोग करणवीर की जीत से ज्यादा खुश नहीं दिख रहे हैं। कुछ लोग इस शो को स्क्रिप्टेड भी मान रहे हैं। करणवीर की जीत के बाद से ही ट्विटर पर स्क्रिप्टेड और बिग बॉस फिक्स्ड विनर शो ट्रेंड करने लगा। कमेंट बॉक्स में भी लोगों ने इस शो को स्क्रिप्टेड बताया है।
सोशल मीडिया पर उठ रहे सवाल
करणवीर की जीत के बाद से लोग मेकर्स पर जान-बूझकर जीताने का आरोप भी लगा रहे हैं। इसके साथ ही यह सवाल भी किया जा रहा है कि शुरुआत से ही वोटिंग के हिसाब से करण एक बार भी टॉप पर नहीं थे। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लिखा, 'बीबी फिक्स्ड विनर शो है'। वहीं एक दूसरे यूजर ने लिखा, 'अनफेयर विनर बिग बॉस सीजन 18 पता नहीं किस बेस पर विनर बनाया है वोटिंग पर या पर्सनैलिटी पर अगर पर्सनैलिटी पर है तो वोटिंग का क्या फायदा।' एक और यूजर ने लिखा, 'बिग बॉस का ही विजेता दर्शकों का विजेता नहीं है।' वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, 'स्क्रिप्टेड! वो वोट के आधार पर नहीं जीते, उनके प्रशंसक कहां हैं? क्या आपने स्क्रीनटाइम के आधार पर विजेता चुना?'
बिग बॉस 18 के शानदार फिनाले में कई बड़े फिल्मी सितारे नजर आए, जिनमें खास तौर पर पहली बार इस शो में आमिर खान शामिल थे। आमिर के अलावा जुनैद खान, खुशी कपूर और वीर पहारिया भी फिनाले में दिखाई दिए। बता दें सलमान खाल हर साल ‘बिग बॉस’ का नया सीजन दर्शकों के लिए लेकर आते हैं। 18वां सीजन 6 अक्टूबर 2024 को शुरू हुआ था और लगभग साढ़े तीन महीने के बाद 19 जनवरी 2025 को विनर के नाम के ऐलान के साथ यह शो खत्म हो गया।