बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान (Kareena Kapoor Khan) और अमृता अरोड़ा (Amrita Arora) के बाद अब अभिनेता संजय कपूर (Sanjay Kapoor) की पत्नी महीप कपूर (Maheep Kapoor) की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। इसके बाद बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने संजय कपूर की जुहू इमारत को भी सील कर दिया है। इससे पहले BMC ने करीना और अमृता के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उनके घरों को सील कर दिया था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक संजय और महीप के संपर्क में आए सभी लोगों का पता लगाया जा रहा है और उनका कोरोना टेस्ट किया जा रहा है। उनकी आरटी-पीसीआर रिपोर्ट का इंतजार है। राहत की बात यह है कि करण जौहर की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है।
न्यूज 18 के मुताबिक, करण के अलावा उनकी मां हीरू जौहर और उनके 10 स्टाफ का भी कोरोना टेस्ट किया गया है। इसके अलावा करण जौहर जिस बिल्डिंग में रहते हैं उसके 40 लोगों का आरटी-पीसीआर टेस्ट हुआ है। बीएमसी की टीम ने करण जौहर का घर सैनिटाइज कराया है।
संजय कपूर ने इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में कहा कि मेरी पत्नी महीप ठीक है और उनकी तबियत थी नहीं थी। महीप में हल्के कोविड लक्षण थे। इसके बाद जब हमने मेडिकल टेस्ट कराई तो वह कोविड-19 पॉजिटिव पाई गई।
अभिनेता ने इंटरव्यू में आगे कहा कि कोविड पॉजिटिव आने के बाद उसने खुद को तुरंत सभी से अलग कर लिया है। वह सभी कोरोना से जुड़े नियमों का पालन कर रही है। महीप की सेहत भी पहले से काफी बेहतर है।
इससे पहले करीना कपूर ने सोमवार को बताया कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही स्वस्थ होने की उम्मीद कर रही हैं। बाद में अमृता अरोड़ा ने भी इंस्टाग्राम पर खुद के संक्रमित होने के संबंध में बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि मैं सभी मेडिकल निर्देशों और बीएमसी के नियमों का पालन कर रही हूं।
मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर (Mumbai Mayor Kishori Pednekar) ने कहा है कि जब महामारी समाप्त नहीं हुई है, तो लापरवाह होना सही नहीं है। पत्रकारों से बात करते हुए पेडनेकर ने कहा कि अगर लोग COVID-19 गाइडलाइंस का उल्लंघन करते हैं, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की जानी चाहिए।