बॉलीवुड में सफलता का कोई तय फॉर्मूला नहीं होता। कुछ कलाकार सालों संघर्ष करने के बाद भी पहचान नहीं बना पाते। जबकि कुछ पहली ही फिल्म से सुपरस्टार बन जाते हैं। ऐसी ही एक अदाकारा हैं रवीना टंडन, जिन्होंने अपने टैलेंट और दमदार अभिनय से 90 के दशक में दर्शकों के दिलों पर राज किया। 1994 उनके करियर का सबसे सुनहरा साल साबित हुआ। उस साल उन्होंने एक नहीं बल्कि 8 सुपरहिट फिल्में दीं।
इस दौरान उन्होंने 'मोहरा', 'अंदाज अपना-अपना', 'लाडला' और 'आतिश' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में काम किया। खासकर 'तू चीज बड़ी है मस्त-मस्त..' गाने ने उन्हें एक आइकॉनिक स्टार बना दिया। आज भी रवीना न सिर्फ अपनी पुरानी फिल्में बल्कि वेब सीरीज और रियलिटी शोज़ के जरिए सुर्खियों में बनी रहती हैं। उनकी खूबसूरती, स्टाइल और शानदार एक्टिंग ने उन्हें बॉलीवुड की एवरग्रीन क्वीन बना दिया है।
1994: जब रवीना टंडन ने बॉलीवुड पर किया राज
रवीना टंडन की पहली फिल्म 'पत्थर के फूल' थी, जिसने उन्हें घर-घर में पॉपुलर कर दिया। इसके बाद उन्होंने एक के बाद एक हिट फिल्में दीं। खासकर 1994 उनके करियर का गोल्डन ईयर साबित हुआ, जब उनकी 8 सुपरहिट फिल्में रिलीज हुईं। इस साल उन्होंने ‘मोहरा’, ‘अंदाज अपना-अपना’, ‘लाडला’, ‘आतिश: फील द फायर’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में काम किया। अक्षय कुमार, गोविंदा, सुनील शेट्टी और नसीरुद्दीन शाह जैसे टॉप एक्टर्स के साथ काम करके उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई।
‘तू चीज बड़ी है मस्त-मस्त’ से बनी आइकॉनिक स्टार
आज भी जब ‘तू चीज बड़ी है मस्त-मस्त’ गाना बजता है, तो रवीना टंडन की याद आ जाती है। यह गाना 1994 की सुपरहिट फिल्म 'मोहरा' का है। इस फिल्म में रवीना और अक्षय कुमार की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था।
शाहरुख के साथ काम करने से किया था इनकार!
रवीना टंडन और शाहरुख खान पहली बार 1995 की फिल्म 'जमाना दीवाना' में साथ नजर आए थे। लेकिन इससे पहले, यश चोपड़ा उन्हें 'डर' में कास्ट करना चाहते थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रवीना को फिल्म के कॉस्ट्यूम पसंद नहीं आए। इसलिए उन्होंने यह फिल्म ठुकरा दी। बाद में यह रोल जूही चावला को मिला और फिल्म सुपरहिट रही।
रवीना टंडन की नेटवर्थ और लग्जरी लाइफ
रवीना टंडन की कमाई और लाइफस्टाइल भी काफी चर्चा में रहती है। GQ की रिपोर्ट के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति 166 करोड़ रुपये है। एक्ट्रेस बेहद लग्जरी लाइफ जीती हैं। साल 2004 में उन्होंने फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर अनिल थडानी से शादी की थी। रवीना टंडन न सिर्फ 90s की सुपरस्टार रहीं, बल्कि आज भी अपनी फिल्मों और वेब सीरीज के जरिए दर्शकों के दिलों पर राज कर रही हैं।