Bollywood Drugs Case: बॉलीवुड ड्रग्स मामले को साबित करना है मुश्किल! NCB के पास नहीं है कोई ठोस सबूत- रिपोर्ट
रिपोर्ट के मुताबिक, केवल रिया चक्रवर्ती के बयान के आधार पर कथित बॉलीवुड ड्रग्स रैकेट में हाई-प्रोफाइल हस्तियों के शामिल होने के आरोपों को साबित करना एक मुश्किल काम है
MoneyControl News
अपडेटेड Apr 12, 2022 पर 1:04 PM
Bollywood Drugs Case: बॉलीवुड ड्रग्स मामले को साबित करना मुश्किल (FILE PHOTO)
Bollywood Drugs Case: अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत (Sushant Singh Rajput Death) के बाद बॉलीवुड में ड्रग्स और उससे जुड़े रैकेट की खूब चर्चा हुई। अब इस मामले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की एक इंटरनल रिपोर्ट कुछ और ही कहती है। CNN-News18 ने इस रिपोर्ट के हवाले से बताया कि बॉलीवुड ड्रग्स मामले को साबित करना मुश्किल हो रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, केवल एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती (Rhea Chakraborty) के बयान के आधार पर कथित बॉलीवुड ड्रग्स रैकेट (Bollywood Drugs Racket) में हाई-प्रोफाइल हस्तियों के शामिल होने के आरोपों को साबित करना एक मुश्किल काम है। News18.com ने इस रिपोर्ट की समीक्षा के आधार पर बताया कि यह मामले में विश्वसनीय सबूतों और आरोपियों के खिलाफ बरामदगी की कमी का संकेत देती है।
यह मामला 2020 में सुर्खियों में आया जब रिया चक्रवर्ती को उनके तत्कालीन प्रेमी और अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या के बाद गिरफ्तार किया गया था। महीनों की देरी के बावजूद इस मामले में चार्ज-शीट दायर करनी बाकी है।
इसके बाद सुशांत के परिवार ने 29 साल की रिया के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया। यह केस उनके कथित ड्रग्स खरीद की जांच के साथ-साथ चला।
बाद में दूसरा- एक मामला चक्रवर्ती की कथित वॉट्सऐप चैट से उपजा था। तब इसमें एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण, कृति सेनन, रकुल प्रीत सिंह, सारा अली खान, आयुष शर्मा और कई दूसरी बड़ी हस्तियों के नाम भी सामने आए थे।
मुंबई पुलिस, प्रवर्तन निदेशालय (ED), केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) को आपस में जुड़े मामलों में कई अलग-अलग एंगल की जांच के लिए लाया गया था।
हालांकि, NCB की इंटरनल रिपोर्ट ने खुलासा किया है कि कैसे ड्रग्स केस में जांचकर्ताओं की शुरुआती टीम की तरफ से की गई जांच ने मौजूदा टीम के लिए आरोपों को साबित करना मुश्किल बना दिया है। साथ ही यह सवाल भी उठा दिया है कि कैसे सिर्फ रिया के बयान पर ही इस मामले को साबित किया जाए?
मामले की जांच करने वाले अधिकारियों समेत टीम के कई अलग-अलग प्रमुख सदस्य NCB से बाहर चले गए और एक नई टीम अब मामले की जांच कर रही है।
कुछ महीने पहले NCB के DG एसएन प्रधान को सौंपी गई रिपोर्ट में मामले में नामित और पूछताछ किए गए सभी व्यक्तियों का जिक्र किया गया है। इस रिपोर्ट को आधिकारिक तौर पर NCB/MZU/CR-15/2020 नाम दिया गया है।
क्या कहती है रिपोर्ट?
रिपोर्ट में पॉइंट-टू-पॉइट विश्वसनीय डिजिटल या वैज्ञानिक सबूतों की कमी का पता चलता है, जिसने मामले को कमजोर बना दिया है।
रिपोर्ट में कहा गया, "ड्रग्स खरीदने और खपत के आरोपों के सबूत के रूप केवल गवाहों और कथित आरोपियों के बयान और वॉट्सऐप चैट हैं। हालांकि, कब्जे के संबंध में, जांच में उनके पास मौजूद नारकोटिक ड्रग की मात्रा का खुलासा नहीं हुआ है।"
रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि इस मामले में कोई जब्ती नहीं हुई है। जांच से यह पता नहीं चल सका है कि नामजद व्यक्तियों के पास कितनी मात्रा में नशीले पदार्थ थे, जिनका सेवन तब किया गया था। हालांकि, उन पर कम मात्रा में ड्रग्स रखने का आरोप लगाया जा सकता है।
रिपोर्ट के निर्णायक पैराग्राफ में जिक्र किया गया है कि रिया चक्रवर्ती ने अपनी इच्छा से बयानों में दूसरे व्यक्तियों के साथ "अपमानजनक" वॉट्सऐप चैट की पुष्टि की। इसमें कहा गया है कि इन चैट का कंटेंट NDPS अधिनियम के उल्लंघन में था।
रिपोर्ट में कहा गया है कि आरोपी व्यक्तियों ने पूछताछ के दौरान कहा कि उन्होंने नशीलीं दवाओं को खरीदने, रखने और इस्तेमाल करने की कोशिश की। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने आखिरकार नारकोटिक ड्रग्स की खरीद, उसे रखने या इस्तेमाल करने पर रोक नहीं लगाई।
मामले में आए किस-किस के नाम?
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद सामने आए कथित ड्रग खरीद और खपत मामले की जांच के लिए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने कदम रखा। एक SIT बनाई गई और टीम मुंबई पहुंची, जहां रिया चक्रवर्ती जांच अधिकारी के सामने पेश हुईं और अपना बयान दिया।
अपनी इच्छा से दिए गए बयान में, चक्रवर्ती ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह मारिजुआना और हशीश समेंत नशीले पदार्थों की खरीद और सेवन कर रही थी।
उन्हें इस मामले में गिरफ्तार नहीं किया गया था, क्योंकि प्रतिबंधित पदार्थ की कोई जब्ती नहीं हुई थी और कोई भी नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) मामला मुख्य रूप से और पूरी तरह से प्रतिबंधित पदार्थ की बरामदगी पर निर्भर करता है।
हालांकि, चक्रवर्ती को मुंबई जोनल यूनिट में एक दूसरे मामले में गिरफ्तार किया गया था।
अपने बयान में, चक्रवर्ती ने कथित तौर पर कई लोगों के नामों का भी जिक्र किया, जिन्होंने कथित तौर पर ड्रग्स की खरीद में उनकी मदद की थी। साथ ही इन लोगों ने कथित तौर पर रिया के साथ या उनके सामने नशीले पदार्थों का सेवन किया था।
मामले में अब तक इन हस्तियों के नाम आए सामने: जयंती शाह, श्रुति मोदी, गौरव आर्य, सिमोन खंबाटा, रकुल प्रीत सिंह, सारा अली खान, दीपिका पादुकोण, मुकेश छाबड़ा, प्रकाश कोवेलामुडी, मधु मंटेना वर्मा, अमृतपाल सिंह बिंद्रा, अनाया उधास, मोनिल बत्रा, वरुण तलरेजा, आयुष शर्मा, सिद्धार्थ पिठानी, आनंदी धवन, कुणाल जगदीश जानी, ऋषभ ठक्कर, राजीव चिम, पिया त्रिवेदी, करण पंथकी, बिलाल अमरोही, सच्ची अमरोही, नम्रता शिरोडकर, महेश शेट्टी, सैमुअल होकिप, अशोक , अब्बास खलोई, कुशाल जावेरी, विकास गुप्ता, रोहिणी अय्यर और संजना सांघी।