Brahmastra Box Office Collection: रणबीर-आलिया की 'ब्रह्मास्त्र' देगी बॉलीवुड को संजीवनी, दो दिन में फिल्म ने कमा लिए इतने करोड़

Brahmastra को लेकर जारी बायकॉट अभियान के बावजूद फिल्म ने छप्परफाड़ कमाई की है। फिल्म ने शानदार कमाई करते हुए 150 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है

अपडेटेड Sep 11, 2022 पर 5:20 PM
Story continues below Advertisement
Brahmastra ऐसे समय अच्छी कमाई कर रही है जब बॉलीवुड को लेकर सोशल मीडिया पर बायकॉट की मुहिम चल रही है

Brahmastra Box Office Collection Day 2: बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) और उनकी पत्नी एवं अभिनेत्री आलिया भट्ट (Alia Bhatt) की फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' (Brahmastra) ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत की है। ‘ब्रह्मास्त्र: पार्ट वन शिवा (Brahmastra Part One: Shiva)’ ऐसे समय अच्छी कमाई कर रही है जब बॉलीवुड को लेकर सोशल मीडिया पर बायकॉट की मुहिम चल रही है।

'ब्रह्मास्त्र' को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार जारी बायकॉट अभियान के बावजूद फिल्म ने छप्परफाड़ कमाई की है। प्रोडक्शन बैनर स्टार स्टूडियोज और धर्मा प्रोडक्शंस के अनुसार, रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और अमिताभ बच्चन अभिनीत फिल्म ने भारत में दो दिन में करीब 70 करोड़ रुपये की कमाई की है। वहीं, फिल्म वर्ल्ड वाइड भी अच्छी कमाई करते हुए 150 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है।

ये भी पढ़ें- JEE Advanced Result 2022: जेईई एडवांस्ड में टॉप करने वाले आर के शिशिर कितने घंटे पढ़ाई करते थे? खुद बताया सफलता का राज


पीटीआई के हवाले से एक आधिकारिक बयान में निर्माताओं ने कहा कि फिल्म ने वर्ल्ड वाइड 160 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। बयान के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन कुल 75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था, जबकि दूसरे दिन यह आंकड़ा 85 करोड़ पहुंच गया। इसके साथ ही फिल्म ने दो दिन में 160 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है।

अयान मुखर्जी द्वारा निर्देशित यह फिल्म कथित तौर पर 400 करोड़ रुपये से अधिक में बनाई गई है। फिल्म की तीसरे दिन यानी रविवार की कमाई को लेकर भी अच्छी उम्मीद की जा रही है। निर्माताओं का कहना है कि शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, वीकेंड पर फिल्म के कलेक्शन में काफी अच्छी बढ़त देखी जा सकती है और संभव है कि रविवार को फिल्म 100 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा पार कर जाए।

इसके अलावा ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने भी 'ब्रह्मास्त्र' के आंकड़े जारी कर दिए हैं। आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन 31.5 से 32.5 करोड़ रुपये की कमाई की है। वहीं, दूसरे दिन 37.5 से 38.5 करोड़ रुपये की कमाई की है। इस हिसाब से फिल्म ने भारत में दो दिनों में 69 से 71 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। अभी फिल्म के पास वीकेंड का तीसरा दिन रविवार बाकी है। 

'ब्रह्मास्त्र' में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट के अलावा अमिताभ बच्चन, मौनी रॉय, नागार्जुन अक्किनेनी, डिंपल कपाडिया और दिव्येन्दु शर्मा भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म में शाहरुख खान का भी कैमियो रोल है। 'ब्रह्मास्त्र' को हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में रिलीज किया गया है। इस फिल्म को दुनिया भर में 9000 स्क्रीन मिली हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।