कोरियोग्राफर जानी मास्टर को बड़ा झटका, वापस लिया गया नेशनल अवॉर्ड, सेरेमनी में शामिल होने पर लगी रोक

'स्त्री 2' के गाने के कोरियोग्राफर जानी मास्टर से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। नाबालिग असिस्टेंट से रेप के आरोप में बेस्ट कोरियोग्राफर का नेशनल अवॉर्ड छीन लिया गया है। मिनिस्ट्री ऑफ इन्फॉर्मेशन एंड ब्रॉडकास्टिंग ने इस बात की जानकारी दी। जानी के खिलाफ उनकी असिस्टेंट रही लड़की ने 15 सितंबर को तेलंगाना के साइबराबाद रायदुर्गम पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कराई थी

अपडेटेड Oct 07, 2024 पर 11:05 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
जान मास्टर को नेशनल अवॉर्ड में शामिल होने के लिए अंतरिम जमानत मिली थी, लेकिन अब उनके नेशनल अवॉर्ड को सस्पेंड कर दिया गया है।

साउथ सिनेमा से लेकर बॉलीवुड सिनेमा तक के सितारों को अपनी उंगलियों पर नचाने वाले मशहूर कोरियोग्राफर जानी मास्टर को बड़ा झटका लगा है। 19 सितंबर से जानी मास्टर रेप के आरोप के चलते सलाखों के पीछे हैं। उन्हें ‘थिरुचित्राम्बलम’ के गाने मेघम करुक्कथा के लिए सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफी कैटेगरी में नेशनल अवॉर्ड मिलने वाला था, लेकिन अब रेप के आरोप में जेल में बंद जानी मास्टर का अवॉर्ड वापस ले लिया गया है। कल मिलाकर अब इन्हें यह अवॉर्ड नहीं दिया जाएगा। POCSO मामले में जानी की गिरफ्तारी हुई थी। जानी मास्टर को भेजा गया इनवाइट भी वापस ले लिया है।

जानी मास्टर को 19 सितंबर को गोवा में गिरफ्तार किया गया था। उन्हें गोवा में गिरफ्तार करके हैदराबाद लेकर आया गया था। शहर की अदालत में पेश किया गया, जिसके बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। जानी पर यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत आरोप लगाए गए थे। उन पर BNS की धारा 376 (बलात्कार), 506 (आपराधिक धमकी) और 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) के तहत आरोप लगाए गए हैं।

यौन शोषण के कारण नेशनल अवॉर्ड वापस


सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने यौन उत्पीड़न के आरोपों की वजह से अब जानी मास्टर के नेशनल अवॉर्ड को निलंबित कर दिया है। उप निदेशक इंद्राणी बोस ने पत्र में कहा है कि साल 2022 के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में भाग लेने के लिए श्री शेख जानी बाशा (जानी मास्टर) को POCSO अधिनियम के तहत अपराध के आरोप सामने आने से पहले ही पत्र भेज दिया गया था। बता दें, कोरियोग्राफर जानी मास्टर को इस हफ्ते अंतरिम जमानत दी गई थी। ताकि वो नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स सेरेमनी में शामिल हो सकें। लेकिन अब उनसे आमंत्रण और पुरस्कार दोनों वापस ले लिया गया है।

पीड़िता ने लगाए गंभीर आरोप

अब 21 साल की पीड़िता ने आरोप लगाया है कि जानी मास्टर ने काम करने के लिए यौन संबंध बनाने को कहा। पीड़िता ने कहा कि कोरियोग्राफर ने पहली बार साल 2019 में उसके साथ रेप किया और कई मौकों पर उसका यौन शोषण किया। वहीं आरोपों से इनकार करते हुए जानी ने कहा था कि वो (पीड़िता) एक शो के माध्यम से खुद उनसे मिली थी। उसने नाबालिग होने पर यौन उत्पीड़न होने के बारे में झूठ बोला।

मैंने उसके टैलेंट को पहचाना और उसे असिस्टेंट कोरियोग्राफर के रूप में मौका दिया। पीड़िता मुझसे शादी करने के लिए मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी। कई बार उसने मुझे धमकी भी दी थी। जानी ने 'स्त्री 2' के गाने 'आज की रात' और 'खेल खेल में' फिल्म के गाने 'डू यू नो' को भी कोरियोग्राफ किया है।

मिथुन चक्रवर्ती को दादा साहब फाल्के पुरस्कार: क्या यह बहुत जल्दी है या पहले ही हो चुकी है बहुत देर?

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।