मिथुन चक्रवर्ती को दादा साहब फाल्के पुरस्कार: क्या यह बहुत जल्दी है या पहले ही हो चुकी है बहुत देर?

Dadasaheb Phalke Award to Mithun Chakraborty: मिथुन चक्रवर्ती की फिल्म डिस्को डांसर दुनिया भर में 100 करोड़ रुपये की कमाई करने वाली पहली बॉलीवुड फिल्म थी। मिथुन ने 350 से ज्यादा फिल्में की हैं, जिनमें से 120 एक ही दशक 1980 में रिलीज हुईं। मिथुन की फिल्मों में साल 1985 में आई रोमांटिक पारिवारिक ड्रामा प्यार झुकता नहीं और 1982 में आई उमेश मेहरा की अशांति भी उल्लेखनीय हैं

अपडेटेड Oct 06, 2024 पर 3:44 PM
मिथुन शायद एकमात्र भारतीय पुरुष अभिनेता और शायद एकमात्र भारतीय अभिनेता हैं, जिन्होंने अपनी पहली फिल्म के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार जीता।

मशहूर बॉलीवुड एक्टर मिथुन चक्रवर्ती (Mithun Chakraborty) को सिनेमा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए ‘दादा साहेब फाल्के’ पुरस्कार (Dadasaheb Phalke Award) दिया जाने वाला है। मृगया, सुरक्षा, डिस्को डांसर, डांस डांस, द ताशकंद फाइल्स और द कश्मीर फाइल्स जैसी फिल्मों में काम कर चुके मिथुन दा को यह पुरस्कार 8 अक्टूबर, 2024 को 70वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में दिया जाएगा। कुछ महीनों पहले ही मिथुन चक्रवर्ती को भारत सरकार के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘पद्म भूषण’ से सम्मानित किया गया था।

मिथुन दा का वास्तविक नाम गौरांग चक्रवर्ती है। उन्हें 'गरीबों का अमिताभ' करार भी दिया जा चुका है। उन्हें दादा साहब फाल्के पुरस्कार के ऐलान के बाद कहीं न कहीं इस बहस ने जन्म ले लिया है कि क्या मिथुन चक्रवर्ती इस समय दादा साहब फाल्के पुरस्कार के हकदार हैं? और हाल ही में, दादा साहब पुरस्कार केवल एक्टर्स को ही क्यों दिया जा रहा है?

मिथुन का ताल्लुक केवल सिनेमा जगत से ही नहीं बल्कि राजनीति जगत से भी है। वह राज्यसभा सदस्य रह चुके हैं और 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। मिथुन का राजनीतिक सफर उनके सिनेमाई सफर की तरह ही विविधतापूर्ण और विरोधाभासी रहा है। वह अल्ट्रा-लेफ्ट, कम्युनिस्ट से लेकर सेंट्रिस्ट (तृणमूल कांग्रेस) और अब राइटविंग पॉलिटिक्स (भारतीय जनता पार्टी) में आ गए हैं।


कोलकाता में पले-बढ़े और नक्सल नेता भी रहे

गरीबी और बेरोजगारी के पहियों पर सवार नक्सली आंदोलन ने 60 और 70 के दशक के आखिर में बंगाली युवाओं को कट्टरपंथी बना दिया था। मिथुन उत्तरी कलकत्ता की सड़कों पर पले-बढ़े और नक्सल नेता बन गए। 1969 में, उनके पिता बसंत कुमार चक्रवर्ती ने डर के मारे अपने बेटे को पागल भीड़ से दूर भेज दिया। हालांकि, मिथुन को स्टार सक्सेस का स्वाद चखने के लिए एक और दशक तक इंतजार करना पड़ा।

मृगया से एक्टिंग करियर की शुरुआत

मिथुन भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान, पुणे (एफटीआईआई) के छात्र रह चुके हैं। उन्होंने हिंदी और बांग्ला सिनेमा में प्रमुखता से काम किया है। मृणाल सेन की 1976 में आई फिल्म ‘मृगया’ से चक्रवर्ती ने फिल्मों में एक्टिंग की शुरुआत की थी। इस​ फिल्म के लिए उन्होंने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी जीता था। लेकिन उसके बाद दो साल तक उनके पास कोई फिल्म नहीं आई। कोई भी सांवले रंग का हीरो नहीं लेना चाहता था। इसके बाद 1979 में उन्हें निर्माता राजकुमार बड़जात्या ने फिल्म तराना ​में कास्ट किया।

1992 की फिल्म ‘तहादेर कथा’ (सर्वश्रेष्ठ अभिनेता) और 1998 की फिल्म ‘स्वामी विवेकानंद’ (सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता) के लिए भी उन्होंने दो और राष्ट्रीय पुरस्कार जीते। मिथुन चक्रवर्ती 1982 की सुपरहिट फिल्म ‘डिस्को डांसर’ में अपनी विशिष्ट डांस स्टाइल से मशहूर हुए। उन्हें ‘आई एम ए डिस्को डांसर...’ और ‘याद आ रहा है...’ जैसे बेहद लोकप्रिय गानों के माध्यम से भारत में डिस्को डांस के युग की शुरुआत करने का श्रेय दिया जाता है। उनकी हिट फिल्मों की लिस्ट में मुझे इंसाफ चाहिए, हम से है जमाना, पसंद अपनी अपनी, घर एक मंदिर, कसम पैदा करने वाले की, कमांडो आदि कई नाम शामिल हैं।

Bigg Boss 18 का नया प्रोमो लॉन्च, 6 अक्टूबर से शुरू होगा 'टाइम का तांडव', कंटेस्टेंट्स लिस्ट समेत जाने सबकुछ

किस तरह की फिल्में कीं

द नक्सलाइट्स (1980) से लेकर द कश्मीर फाइल्स (2022) तक, उनकी सिनेमाई पसंद उनकी बदलती राजनीति को दर्शाती है। लो-ब्रो से हाई-ब्रो, फिर लो-ब्रो तक, प्रतिष्ठित से हास्यास्पद, कला फिल्मों से लेकर कमर्शियल पॉटबॉयलर और बी-ग्रेड (कम बजट) का बादशाह बनने तक, उन्होंने हर तरह की फिल्में कीं। मिथुन के अपने शब्दों में, उन्होंने तीन तरह की फिल्में कीं- पैसे के लिए (अपने बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए, ताकि वे उनकी तरह संघर्ष न करें), अपने फैन्स के लिए और अपने लिए।

वरिष्ठ फिल्म क्रिटिक शोमा ए. चटर्जी कहती हैं, "उनकी लाइफस्टाइल या लगातार बदलती राजनीतिक विचारधाराओं के बावजूद, इस बारे में कोई सवाल नहीं है कि वह दादासाहेब फाल्के पुरस्कार के हकदार हैं या नहीं। अमिताभ बच्चन, धर्मेंद्र आदि जैसे लोगों के दबदबे वाली इंडस्ट्री में 4 दशकों से अधिक समय तक टिके रहने के कारण, उन्होंने कई बार अपनी योग्यता साबित की। एक ओर उन्होंने जल्लाद जैसी फिल्में कीं तो दूसरी ओर 90 के दशक में स्वामी विवेकानंद में रामकृष्ण परमहंस का रोल किया।"

बिना किसी गॉडफादर के बने सुपरस्टार

मिथुन शायद एकमात्र भारतीय पुरुष अभिनेता और शायद एकमात्र भारतीय अभिनेता हैं, जिन्होंने अपनी पहली फिल्म के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार जीता। वह इंडस्ट्री में बिना किसी गॉडफादर के सुपरस्टार बन गए, सिर्फ अपनी कड़ी मेहनत और प्रतिभा के दम पर।

In a Cult of Their Own: Bollywood Beyond Box Office के लेखक अंबरीश रॉय चौधरी का कहना है, “अपनी पहली फिल्म मृगया के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने के बाद, कोई भी मिथुन चक्रवर्ती को वक्त देने को तैयार नहीं था। उन्हें कोई काम नहीं मिला, और यह समझ में आता है कि इससे उन्हें थोड़ी नाराजगी हुई। साल दर साल गुजरने के साथ धीरे-धीरे उन्होंने खुद को एक भरोसेमंद मेनस्ट्रीम हीरो के तौर पर स्थापित किया। यह अकल्पनीय लग सकता है, लेकिन लोकप्रिय सिनेमा में उस तरह की दक्षता हासिल करने के लिए कुछ खास स्किल्स की भी जरूरत होती है। 1980 के दशक में 'फ्रंटबेंचर्स' से सीटी पाने के लिए एक्टर को खुद को एक खास तरीके से पेश करने की जरूरत थी। और इन फ्रंटबेंचर्स ने उन्हें कभी नहीं छोड़ा, इसलिए मिथुन ने जितना हो सका, उनका ख्याल रखा। लेकिन जब उन्होंने बेतुकी, शारीरिक रूप से कठिन भूमिकाएं कीं, तो उन्होंने खुद को शिबनाथ (तहादेर कथा, 1992) या रोहित रॉय (तितली, 2002) की अधिक सूक्ष्म जटिलता में भी डुबो दिया। रितुपर्णो घोष की तितली मिथुन के लिए वही थी, जो सत्यजीत रे की नायक (1966) उत्तम कुमार के लिए थी।"

रॉयचौधरी कहते हैं, "उनका मौजूदा या पिछला राजनीतिक रुख चाहे जो भी हो, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे दादा साहब फाल्के पुरस्कार के हकदार हैं या नहीं। मेरी राय में, यह बहुत पहले ही मिल जाना चाहिए था।"

विदेशी भी थे डांस मूव्स के दीवाने

अविजित घोष ने अपनी किताब व्हेन अर्ध सत्य मेट हिम्मतवाला: द मेनी लाइव्स ऑफ 1980s बॉम्बे सिनेमा (2023) में चैप्टर 'स्टार्स हू डिफाइंड द डिकेड' में लिखा है, "मिथुन चक्रवर्ती उस समय उभरे, जब सिनेमाघर वीडियो पाइरेसी संकट का सामना कर रहे थे और कुलीन वर्ग ने उनसे किनारा कर लिया था।"

टोक्यो से लेकर मिस्र, जॉर्जिया और बेलारूस से लेकर मंगोलिया, दंतेवाड़ा के माओवादियों से लेकर मॉस्को की महिलाओं तक, मिथुन ने अपने मूव्स से लोगों का दिल जीत लिया। रूस (तत्कालीन यूएसएसआर) में राज कपूर की फिल्म आवारा के बाद अगर महिलाएं किसी दूसरे भारतीय नाम पर फिदा होतीं, तो वह डिस्को डांसर मिथुन चक्रवर्ती का नाम होता, जिनकी डांस डांस की लोकप्रियता बोनी एम. को टक्कर दे सकती थी।

संजीव कुमार ने खुद ही की थी अपनी मौत की भविष्यवाणी! शोले की शूटिंग के दौरान हेमा मालिनी को किया था प्रपोज

बतौर हीरो सबसे ज्यादा हिंदी फिल्मों का रिकॉर्ड

कसम पैदा करने वाले की, उस्तादी उस्ताद से, हिसाब खून का, गरीबों का दाता, जनता की अदालत, सिकंदर सड़क का जैसी फिल्मों से मिथुन ने ‘सड़क छाप’ लेबल पर कब्जा कर लिया। मिथुन के नाम बतौर हीरो सबसे ज्यादा हिंदी फिल्में (250 से ज्यादा) करने का रिकॉर्ड है। जासूसी फिल्में, रोमांस फिल्में, पारिवारिक ड्रामा, राजनीतिक फिल्में, ऐतिहासिक फिल्में, डांस फिल्में, फाइट फिल्में, भाषाई बाधाओं के पार हिंदी, बंगाली, पंजाबी, ओडिया, भोजपुरी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ की फिल्में, और शर्मिला टैगोर, श्रीदेवी से लेकर माधुरी दीक्षित तक टॉप एक्ट्रेस के साथ काम, मिथुन ने यह सब किया है।

फिल्म इतिहासकार पवन झा कहते हैं, "सिनेमा में मिथुन के योगदान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, लेकिन चूंकि वह अभी भी फिल्मों में अभिनय कर रहे हैं, शायद सिनेमा में योगदान के लिए उन्हें भारत के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित करना अभी भी बहुत जल्दी है, खासकर तब जब अन्य वरिष्ठ फिल्मकर्मी, और भी ज्यादा योगदान देने वाले लोग मौजूद हैं। उदाहरण के लिए, मैं लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल को सम्मानित होते देखना पसंद करता, क्योंकि प्यारेलाल जी अभी भी जीवित हैं।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।