200 करोड़ रुपये की जबरन वसूली के मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद कॉनमैन सुकेश चंद्रशेखर ने बॉलीवुड की फेमस अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज के नाम पर एक और पैगाम भेजा है। सुकेश ने जेल से जैकलीन के लिए एक खत लिखा है। अपने खत में सुकेश ने लिखा है कि वह जैकलीन की भलाई के लिए और उनके आस पास की निगेटिविटी को दूर रखने के लिए नवरात्रि में नौ दिनों का उपवास रखेगा। कॉनमैन जैकलीन को टाइग्रेस कहते हुए उनकी काफी तारीफ भी की और दोहा में उनकी मौजदगी की भी तारीफ की।
सुकेश ने अपने खत में जैकलीन को लिखा 'बेबी'
मीडिया में चल रही खबरों के मुताबिक सुकेश ने अपने खत में जैकलीन को बेबी लिखा। उसने अपने खत में लिखा कि वे दोहा के शो में काफी ज्यादा खूबसूरत लग रही थी। उसने लिखा कि जैकलीन से ज्यादा सुंदर कोई नहीं है। उसने अपने खत में आगे लिखा कि क्योंकि कल से नवरात्रि शुरू हो रही है, मैं अपने जीवन में पहली बार तुम्हारी भलाई के लिए और हमारे आस पास की निगेटिविटी को दूर रखने के लिए पूरे नौ दिनों का उपवास रखने जा रहा हूं।
सुकेश ने कहा मां के आशीर्वाद से सब कुछ होगा सही
200 करोड़ की ठगी के आरोप में जेल में बंद सुकेश ने जैकलीन को खत लिखते हुए कहा कि मां शक्ति के दिव्य चमत्कार से सब कुछ हमारे लिए सही होगा और सच्चाई सामने आएगी। हम जल्द ही एक-दूसरे के साथ होंगे, चाहे कुछ भी हो जाए हम साथ रहेंगे। सुकेश ने नवरात्रि के नौवें दिन वैष्णो देवी मंदिर और महाकालेश्वर मंदिर में जैकलीन के लिए एक विशेष पूजा की व्यवस्था करने के अपने इरादे के बारे में भी बात की।
सुकेश ने कहा कि कोई नहीं रोक सकता प्यार करने से
सुकेश ने आगे अपने खत में लिखा कि इस दुनिया की कोई भी जेल मुझे मुझे तुमसे प्यार करने, तुम्हारी रक्षा करने और तुम्हारे लिए खड़े होने से नहीं रोक सकती है। मैं जानता हूं कि तुम मुझसे कितना प्यार करती हो। तुम यह भी जानती हो कि मैं तुम्हारे लिए ही जीता हूं और तुम्हारे लिए ही मरता हूं। सुकेश के बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज के साथ रिश्ते में होने की अफवाह थी। हालांकि, जैकलीन ने सुकेश के साथ किसी भी तरह के रोमांटिक रिश्ते से इनकार किया है लेकिन वह भी इस मामले में आरोपी हैं और प्रवर्तन निदेशालय (ED) उनसे भी कई बार पूछताछ कर चुकी है।