Critics Choice Awards 2023: फिल्म निर्माता राजामौली की फिल्म RRR का पूरी दुनिया में डंका बज रहा है। गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड जीतने के बाद, राजामौली की फिल्म ‘RRR’ ने सर्वश्रेष्ठ विदेशी भाषा फिल्म (Best Foreign Language Film) के लिए क्रिटिक्स च्वाइस अवार्ड जीता है। लॉस एंजिल्स में फेयरमोंट सेंचुरी प्लाजा में क्रिटिक्स च्वाइस अवार्डस के खुलने में ज्यादा घंटे नहीं बचे हैं। क्रिटिक्स च्वाइस अवॉर्ड के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इस गुड न्यूज के बारे में जानकारी दी गई है। ट्वीट में लिखा है कि RRR फिल्म के कास्ट एंड क्रू को ढेर सारी शुभकामानाएं। फिल्म ने बेस्ट फॉरेन लैंग्वेज फिल्म के लिए क्रिटिक्स च्वाइस अवॉर्ड अपने नाम कर लिया है।
RRR ने इन फिल्मों को पछाड़ा
इस कैटेगरी में SS राजामौली की फिल्म 'RRR' का मुकाबला, 'ऑल क्वाइट ऑन द वेस्टर्न फ्रंट', 'अर्जेंटीना 1985', बार्डो', 'फॉल्स क्रॉनिकल ऑफ ए हैंडफुल ऑफ ट्रुथ्स', 'क्लोज' और 'डिसीजन टू लीव' जैसी फिल्मों से हुआ। इन सभी फिल्मों को पछाड़ते हुए फिल्म RRR ने बेस्ट फॉरेन लैंग्वेज फिल्म के लिए क्रिटिक्स च्वॉइस अवॉर्ड अपने नाम कर लिया।
नाटू-नाटू गाने के लिए मिला अवॉर्ड
इससे पहले लॉस एंजिल्स में 80वें गोल्डन ग्लोब अवार्ड्स में राजामौली की फिल्म RRR ने इतिहास रचा था। फिल्म के गाने 'नाटू नाटू' ने बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग का अवॉर्ड जीता था। इससे उनके फैंस में खुशी की लहर दौड़ गई थी। अब RRR ने बेस्ट फॉरेन लैंगवेज फिल्म के लिए क्रिटिक्स च्वॉइस अवॉर्ड जीतकर कामयाबी का परचम लहरा दिया है। इस मौके पर राजामौली ने एक वीडियो भी शेयर किया है। इस वीडियो में वो हाथ में ट्रॉफी लिए खड़े हैं। उनके चेहरे पर जीत की खुशी साफ दिख रही है।
पिछले साल मार्च में रिलीज हुई थी यह फिल्म
फिल्म ‘आरआरआर’ को पिछले साल मार्च में सिनेमा घरों में रिलीज किया गया था। वहीं वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 1200 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है। फिल्म का हिंदी संस्करण 20 मई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ किया गया था। यह जल्द ही भारत से इस मंच पर दुनिया भर की सबसे लोकप्रिय फिल्म बन गई।