Daler Mehndi: जेल में बंद सिंगर दलेर मेहंदी को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, 19 साल पुराने कबूतरबाजी मामले में मिली जमानत

कबूतरबाजी मामले में पटियाला की कोर्ट द्वारा दलेर मेंहदी को दो साल की सजा सुनाई गई थी, लेकिन हाई कोर्ट ने सजा निलंबित कर सिंगर को जमानत दे दी है

अपडेटेड Sep 15, 2022 पर 5:16 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
2003 के मानव तस्करी मामले में जेल में बंद दलेर मेहंदी को गुरुवार को पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट ने जमानत दे दी

कबूतबाजी के मामले में सजा काट रहे मशहूर पंजाबी सिंगर दलेर मेंहदी (Singer Daler Mehndi Gets Bail) को पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट (Punjab and Haryana High Court) से जमानत मिल गई है। 2003 के मानव तस्करी मामले में जेल में बंद दलेर मेहंदी को गुरुवार को पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट ने जमानत दे दी।

कबूतरबाजी मामले में पटियाला की कोर्ट द्वारा दलेर मेंहदी को दो साल की सजा सुनाई गई थी, लेकिन हाई कोर्ट ने सजा निलंबित कर सिंगर को जमानत दे दी है। इस केस में उनके भाई शमशेर सिंह भी आरोपी थे, लेकिन 2017 में उनकी मौत हो गई थी।

ट्रायल कोर्ट ने दो साल की सुनाई थी सजा


इस मामले में सिंगर को 16 मार्च, 2018 को पटियाला अदालत ने दो साल जेल की सजा सुनाई थी, लेकिन बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया था। इस फैसले के खिलाफ दलेर मेहंदी ने पटियाला के एडिशनल सेशन जज के समक्ष अपील दायर कर चुनौती दी थी।

ये भी पढ़ें- पिंकी ईरानी को सामने बिठाया, फिर दिल्ली पुलिस ने नोरा फतेही पर दागा सवाल- 200 करोड़ की रंगदारी के बारे में क्या जानती हो?

चार साल अपील पर चली सुनवाई के बाद ट्रायल कोर्ट ने 14 जुलाई 2022 को दलेर मेहंदी की याचिका को खारिज कर सजा को बरकरार रखा। गिरफ्तार करने के बाद मेंहदी को पटियाला सेंट्रल जेल भेज दिया गया था। इसके बाद मेहंदी ने हाईकोर्ट में रिवीजन पिटीशन दायर कर ट्रायल कोर्ट के आदेश को चुनौती दी थी।

क्या है पूरा मामला?

यह मामला 2003 का है। इस मामले में दलेर मेहंदी और उनके भाई शमशेर सिंह के खिलाफ कुल 31 मामले दर्ज किए गए हैं। दलेर मेहंदी और उनके भाई शमशेर सिंह पर आरोप लगाया गया था कि उन्होंने अपनी मंडली के सदस्यों के रूप में लोगों को अवैध रूप से अमेरिका भेजने के लिए मोटी पैसेज मनी (passage money) चार्ज की थी।

बक्शीश सिंह ने पटियाला पुलिस को अपनी शिकायत में कहा था कि उनसे 15 लाख रुपये मांगे गये थे, लेकिन डील 12 लाख रुपये में फिक्स हुई थी और यह पैसा दिया भी गया था। साल 2003 में दलेर मेंहदी को इस मामले में गिरफ्तार भी कर लिया गया था, लेकिन बाद में जमानत पर छोड़ दिया गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।