1990 के दशक में कश्मीर घाटी से कश्मीरी पंडितों (Kashmiri Pandits) के पलायन पर आधारित द कश्मीर फाइल्स (The Kashmir Files) शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। रिलीज होने के बाद से, फिल्म को उन लोगों से सकारात्मक समीक्षा मिली है, जिन्होंने इसे देखा है। सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।
इनमें लालकृष्ण आडवाणी का एक वीडियो इस दावे के साथ वायरल हो रहा है कि वह इस फिल्म को देखते-देखते भावुक हो गए और रो पड़े। हालांकि, यह दावा झूठा है और वायरल हो रहा वीडियो असल में पुराना है।
Hindustan Times के मुताबिक, ऐसा ही एक पोस्ट ईश्वर लाल चौहान नाम के एक यूजर ने फेसबुक पर शेयर किया था। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा, "कश्मीरी पंडितों पर फिल्म द कश्मीर फाइल्स देखकर, वरिष्ठ BJP नेता लालकृष्ण आडवाणी जी रो पड़े।"
पोस्ट के साथ शेयर किए गए वीडियो में दिग्गज राजनेता को एक थिएटर में बैठकर आंसू बहाते हुए दिखाया गया है। इस क्लिप के बैकग्राउंड में फिल्म केसरी का गाना तेरी मिट्टी बज रहा है। 12 मार्च को शेयर किए गए इस पोस्ट पर 1,000 से ज्यादा रिएक्शन आए और 400 से ज्यादा बार शेयर की गई।
हालांकि, यह दावा कि वीडियो में फिल्म द कश्मीर फाइल्स पर लालकृष्ण आडवाणी को भावुक होते हुए दिखाया गया है, सच नहीं है। वीडियो वास्तव में हाल का नहीं है और फरवरी 2020 में रिकॉर्ड किया गया था।
एक Google सर्च से पता चला कि वीडियो फिल्म निर्माता विधु विनोद चोपड़ा की तरफ से शेयर किया गया था, जब बीजेपी नेता ने फिल्म शिकारा: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ कश्मीरी पंडितों की एक विशेष स्क्रीनिंग में हिस्सा लिया था।
चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर इस वीडियो को एक कैप्शन के साथ साझा किया, जिसमें लिखा है, “लालकृष्ण आडवाणी Shikara की स्पेशल स्क्रीनिंग पर। सर फिल्म के लिए आपके आशीर्वाद और आपकी सराहना के लिए हम बहुत विनम्र और आभारी हैं।"
वास्तव में, खुद चोपड़ा भी वीडियो में दिख रहे हैं, जो उस दौरान आडवाणी को सांत्वना देते दिख रह हैं। इसलिए, यह दावा कि लालकृष्ण आडवाणी द कश्मीर फाइल्स फिल्म देखते हुए रोए पड़े, वो झूठा है।