Get App

Govinda: अभिनेता गोविंदा को अस्पताल से मिली छुट्टी, गोली लगने से हुए थे घायल, व्हीलचेयर पर दिखे सुपरस्टार

Govinda Discharged From Hospital: बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा को चार दिन बाद मुंबई के अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। मंगलवार 1 एक अक्टूबर को बंदूक से गोली चलने की घटना में अभिनेता के बाएं पैर में चोट लग गई थी। शुक्रवार (4 अक्टूबर) दोपहर को उन्हें क्रिटिकेयर एशिया अस्पताल से व्हीलचेयर पर बाहर आते हुए देखा गया

Akhileshअपडेटेड Oct 04, 2024 पर 3:34 PM
Govinda: अभिनेता गोविंदा को अस्पताल से मिली छुट्टी, गोली लगने से हुए थे घायल, व्हीलचेयर पर दिखे सुपरस्टार
Govinda Discharged: गोविंदा के साथ उनकी पत्नी सुनीता आहूजा और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे

Govinda Discharged From Hospital: बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा को शुक्रवार (4 अक्टूबर) को मुंबई के अस्पताल से छुट्टी मिल गई जो रिवॉल्वर से दुर्घटनावश गोली चलने के कारण घायल हो गए थे। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के सदस्य गोविंदा की मंगलवार (1 अक्टूबर) को एक निजी अस्पताल में सर्जरी की गई थी जिसके बाद उनके स्वास्थ्य में सुधार है। गोविंदा को उनके परिवार के सदस्यों द्वारा व्हीलचेयर पर अस्पताल से बाहर लाते देखा गया और उनके बाएं पैर में प्लास्टर था। पत्नी सुनीता आहूजा और बेटी टीना आहूजा के साथ आए अभिनेता ने हाथ जोड़कर मीडियाकर्मियों और अपने फैंस का अभिवादन किया।

अभिनेता को अस्पताल से बाहर आते हुए लेग ब्रेसेज के साथ देखा गया। वह तस्वीरों के लिए मीडिया के सामने भी खड़े हुए। अभिनेता ने मीडिया और प्रशंसकों को उनकी प्रार्थनाओं के लिए धन्यवाद भी दिया। वीडियो के अंत में गोविंदा को अस्पताल के बाहर खड़े सभी लोगों को फ्लाइंग किस भेजते हुए देखा जा सकता है।

डिस्चार्ज होने के बाद अस्पताल के बाहर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, "मैं मीडियार्मियों, अधिकारियों और मेरे प्रशंसकों का शुक्रिया अदा करता हूं जो मुझे इतना प्यार करते हैं और जिनकी शुभकामनाओं से आज मैं पूरी तरह ठीक हूं।" इससे पहले, सुनीता आहूजा ने पत्रकारों को बताया कि गोविंदा को कम से कम छह सप्ताह तक आराम करने की सलाह दी गई है।

उन्होंने बताया था, "उन्हें (गोविंदा) आज छुट्टी दे दी जाएगी। मैं उन्हें यहां लाऊंगी, लेकिन उन्हें अभी खड़े होने में दिक्कत रहेगी... वह ठीक हैं और कुछ दिनों में फिर से डांस करना शुरू कर देंगे। सभी ने उनके लिए प्रार्थना की है और हम पर माता रानी का आशीर्वाद है।"

सब समाचार

+ और भी पढ़ें