National Film Awards: मनोज बाजपेयी की 'गुलमोहर' बनी बेस्ट हिंदी फिल्म, 'कांतारा' के लिए ऋषभ शेट्टी बने बेस्ट एक्टर

70th National Film Awards 2024: 70वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स का ऐलान हो गया है। दिग्गज एक्ट्रेस शर्मिला टैगोर और अभिनेता मनोज बाजपेयी की 'गुलमोहर' ने सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म का पुरस्कार जीता है। वहीं, 'कंतारा' के लिए ऋषभ शेट्टी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के पुरस्कार से नवाजा गया है

अपडेटेड Aug 16, 2024 पर 3:24 PM
70th National Film Awards 2024: मलयाली फिल्म 'अट्टम: द प्ले' को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है

70th National Film Awards 2024: बॉलीवुड फिल्म 'गुलमोहर' ने 2024 का 'बेस्ट हिंदी फिल्म' का पुरस्कार अपने नाम कर लिया है। मार्च 2023 में रिलीज होने वाली इस फिल्म में शर्मिला टैगोर और मनोज बाजपेयी मुख्य भूमिका में थे। सरकार की तरफ से शुक्रवार (16 अगस्त) को 70वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स का ऐलान हो गया। इसमें 'गुलमोहर' ने सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म का पुरस्कार जीता है। मनोज बाजपेयी को उनके प्रदर्शन के लिए जूरी द्वारा 'स्पेशल मेंशन' दिया गया।

इसके अलावा सुपरहिट कन्नड़ फिल्म 'कंतारा' के लिए ऋषभ शेट्टी को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। नित्या मेनन को 'तिरुचित्रमबलम' के लिए जबकि मानसी पारेख को 'कच्छ एक्सप्रेस' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला है।

नीना गुप्ता को फिल्म 'ऊंचाई' के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री और पवन मल्होत्रा को 'फौजा' के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का सम्मान मिला है। सूरज आर. बड़जात्या को 'ऊंचाई' के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार दिया गया है। मलयाली फिल्म 'अट्टम: द प्ले' को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है।


कैसी है 'गुलमोहर?'

गुलमोहर चॉकबोर्ड एंटरटेनमेंट और ऑटोनॉमस वर्क्स के सहयोग से स्टार स्टूडियो द्वारा निर्मित है। फिल्म का मूल संगीत सिद्धार्थ खोसला ने तैयार किया है। इसमें सिमरन, सूरज शर्मा, अमोल पालेकर और कावेरी सेठ जैसे कलाकार भी हैं। फिल्म को फैंस ने खूब सराहा और आलोचकों से भी सकारात्मक समीक्षा मिली। यह पारिवारिक ड्रामा कई पीढ़ियों के बत्रा परिवार के इर्द-गिर्द घूमता है, जो अपने 34 साल पुराने पारिवारिक घर से बाहर निकलने के लिए तैयार है।

'गुलमोहर' से 13 साल बाद शर्मिला टैगोर की स्क्रीन पर वापसी हुई। दिलचस्प बात यह है कि शर्मिला टैगोर ने इस साल फरवरी में न्यूज18 शोशा रील अवार्ड्स 2024 में गुलमोहर के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री (महिला- जूरी चॉइस) का पुरस्कार जीताथा। उस समय दिग्गज अभिनेत्री ने कहा ता, "ठीक है, मैं इसे वापसी या फिर से शुरू करने के रूप में नहीं देखती। लेकिन गुलमोहर में कुसुम का किरदार निभाना एक शानदार अनुभव था। मैं राहुल वी चिट्टेला को धन्यवाद देना चाहूंगी। यह उनका विचार था। मुझे मनोज बाजपेयी, अमोल पालेकर, सिमरन, उत्सवी झा, कावेरी सेठ, सूरज शर्मा और चंदन रॉय जैसे बेहतरीन कलाकारों के साथ काम करने का मौका मिला।"

टैगोर ने आगे बताया कि कैसे फिल्म ने सिने प्रेमियों के दिमाग पर एक अमिट छाप छोड़ी। उन्होंने कहा, "एक साल बाद भी, फिल्म की बहुत याद और सराहना है। इसने सभी पीढ़ियों में काम किया है और सभी सीमाओं को पार किया है। यह वास्तव में एक बहुत ही खास फिल्म है। यह फिल्म सिर्फ मेरी नहीं है; यह एक संयुक्त प्रयास है। सभी को इसका विचित्र पहलू भी बहुत पसंद आया, जिसमें अंत में मेरी आंख मारना भी शामिल है।"

देखें किसे कौन से पुरस्कार मिला?

बेस्ट एक्टर- ऋषभ शेट्टी (कांतारा)

बेस्ट एक्ट्रेस- नित्या मेनन (तिरुचित्राम्बलम), मानसी पारेख (कच्छ एक्सप्रेस)

बेस्ट फिल्म- कांतारा

बेस्ट हिंदी फिल्म- गुलमोहर

बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस- नीना गुप्ता (ऊंचाई)

बेस्ट फीचर फिल्म- अट्टम

बेस्ट डायरेक्टर- सूरज बड़जात्या (ऊंचाई)

बेस्ट सिनेमैटोग्राफी- मोनो नो अवेयर

बेस्ट म्यूजिक अवॉर्ड- विशाल शेखर

बेस्ट स्टंट कोरियोग्राफी- KGF 2

बेस्ट तमिल फिल्म- पोंनियन सेल्वन 2

बेस्ट मराठी फिल्म- वाल्वी

बेस्ट स्क्रीनप्ले- आनंद एकार्शी

बेस्ट तेलुगु फिल्म- कार्तिकेय 2

बेस्ट कन्नड़ फिल्म- KGF 2

बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर- प्रीतम (ब्रह्मास्त्र)

बेस्ट लिरिक्स- नौशाद सदर खान (फौजा)

बेस्ट स्क्रिप्ट- मोनो नो अवेयर

बेस्ट मेल प्लेबैक सिंगर- अरिजीत सिंह (ब्रह्मास्त्र)

बेस्ट साउंड डिजाइन- पोंनियन सेल्वन 2

बेस्ट स्पेशल इफेक्ट- ब्रह्मास्त्र

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।