IC-814 The Kandahar Hijack Row: नेटफ्लिक्स की 'आईसी-814: द कंधार हाईजैक' वेब सीरीज को लेकर जारी विवाद के बीच सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (I&B) के सचिव ने मंगलवार (3 सितंबर) को ओटीटी प्लेटफॉर्म के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। मीटिंग के दौरान Netflix ने सरकार को आश्वासन दिया कि भविष्य के कंटेंट में "संवेदनशीलता" को शामिल किया जाएगा। सरकारी सूत्रों ने बताया कि नेटफ्लिक्स ने वादा किया है कि उसके प्लेटफॉर्म पर भविष्य में कंटेंट की समीक्षा राष्ट्रीय भावनाओं के अनुरूप की जाएगी। एक दिन पहले सोमवार (2 सितंबर) को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स की कंटेंट हेड मोनिका शेरगिल को तलब किया था। आरोप है कि इस सीरीज में अपहरणकर्ताओं के नाम बदल दिए गए हैं।
