प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज (Jacqueline Fernandez) के 200 करोड़ रुपए के जबरन वसूली मामले में उनके खिलाफ जारी लुकआउट सर्कुलर (LOC) को निरस्त करने के अनुरोध को ठुकरा दिया है। इंडिया टुडे रिपोर्ट के मुताबिक, जैकलीन ने फेडरल एजेंसी के सामने अपने खिलाफ जारी LOC को रद्द करने का अनुरोध किया था, ताकि वह विदेश यात्रा कर सकें। हालांकि, ED ने जैकलीन की याचिका खारिज कर दी और कहा कि एक्ट्रेस भारत से बाहर नहीं जा सकेंगी।ट
इससे पहले, जैकलीन रियाद में सलमान खान के द-बैंग टूर पर परफॉर्म नहीं कर सकीं, क्योंकि चल रहे मामले के कारण उन्हें विदेश यात्रा करने की अनुमति नहीं थी।
प्रवर्तन निदेशालय ने 5 दिसंबर को जैकलीन के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया था। लुक आउट नोटिस के कारण इमिग्रेशन अधिकारियों ने अभिनेत्री को मुंबई हवाई अड्डे पर रोक दिया था।
वह छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक प्रोग्राम के लिए मस्कट जा रही थीं और उन्हें पूछताछ के लिए दिल्ली लाया गया था।
ED ने 200 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कॉनमैन सुकेश चंद्रशेखर और दूसरे के खिलाफ दिल्ली की एक अदालत में आरोप पत्र दायर किया, जिसमें आरोप लगाया गया कि उसने तिहाड़ जेल में बंद एक बिजनेसमैन की पत्नी से 200 करोड़ रुपए की उगाही की। श्रीलंकाई मूल की अभिनेत्री से प्रवर्तन निदेशालय ने मामले के सिलसिले में कई बार पूछताछ की थी।
ईडी ने अपने चार्जशीट में यह भी कहा कि जैकलीन और एक्ट्रेस-डांसर नोरा फतेही को इस ठग से लग्जरी कारें और दूसरे महंगे तोहफे मिले। ED ने मनी लॉन्ड्रिंग रोधी कानून के तहत दायर चार्जशीट में कहा कि सुकेश चंद्रशेखर कथित तौर पर अपने मेकअप आर्टिस्ट शान मुत्ताथिल के जरिए जैकलीन के कॉन्टैक्ट में आए।
जैकलीन ने अगस्त और अक्टूबर में दर्ज अपने बयान के दौरान ED को बताया कि उन्हें Gucci और Chanel से तीन डिजाइनर बैग, दो Gucci जिम वियर, एक जोड़ी Louis Vuitton के जूते, दो जोड़े हीरे के झुमके, कंगन और ब्रेसलेट जैसे उपहार मिले। अभिनेत्री ने ED को यह भी बताया कि उसने एक मिनी कूपर कार लौटा दी थी, जिसे इस ठग ने उन्हें उपहार में दी थी।