Jacqueline Fernandez: बॉलीवुड (Bollywood) एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडीज (Jacqueline Fernandez) को 15 नवंबर तक राहत मिल गई है। दिल्ली (Delhi) की पटियाला हाउस कोर्ट (Patiala House Court) ने अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज की अंतरिम जमानत 15 नवंबर तक बढ़ा दी है। अदालत अब उस दिन रेगुलर जमानत पर आदेश सुनाएगी। उन्हें 200 करोड़ रुपए के मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में पहले अंतरिम जमानत दी गई थी। ED ने कोर्ट में एक्ट्रेस की जमानत में विरोध किया था।
जैकलीन फर्नांडीज (Jacqueline Fernandez) पर ठग सुकेश चंद्रशेखर (Conman Sukesh Chandrashekhar) से जुड़े 200 करोड़ रुपए के रंगदारी मामले से जुड़े आरोप हैं। दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने मामले में जैकलीन की अंतरिम जमानत को बरकरार रखा जाए या नहीं, इस मामले पर गुरुवार को फैसला सुरक्षित रख लिया था।
एक्ट्रेस को जमानत मिलने के खिलाफ अदालत में प्रवर्तन निदेशालय की मुख्य दलील यह थी कि उन्होंने देश से भागने की कोशिश की थी। साथ ही उन्होंने जांचकर्ताओं के साथ सहयोग नहीं किया और उनके खिलाफ गंभीर आरोप हैं।
हालांकि, कोर्ट में जैकलीन ने दावा किया था कि उन्हें ये मालूम नहीं था सुकेश चंद्रशेखर एक महाठग है। इसका विरोध करते हुए ED ने कहा ये सब झूठ है, क्योंकि सुकेश के बारे में सारी जानकारी गुगल पर मौजूद थी।
दूसरी तरफ से जैकलीन ने ये भी दलील थी कि वह लगातार पूछताछ पर बुलाए जाने पर मौजूद हो रही हैं, लेकिन ED ने आगे कहा कि इस मामले में अभी जांच जारी है और आगे भी चार्जशीट जामा की जाएंगी।
हमने अपनी पूरी जिंदगी में 50 लाख रुपए कैश नहीं देखे- ED
ED ने ये भी कहा, "हमने अपनी पूरी जिंदगी में 50 लाख रुपए कैश नहीं देखे, लेकिन जैकलीन ने 7.14 करोड़ रुपए मौज-मस्ती के लिए बर्बाद कर दिए। उन्होंने भागने की कोशिश करने के लिए हर तरह का हथकंडा आजमाया है, क्योंकि उनके पास काफी पैसा है।"
वित्तीय अपराधों की जांच करने वाली एजेंसी ने इससे पहले एक्ट्रेस को देश छोड़ने से रोकने के लिए हवाई अड्डों पर एक अलर्ट - एक लुकआउट सर्कुलर (LOC) भी जारी किया था।
जेल में बंद बदमाश सुकेश चंद्रशेखर के खिलाफ रंगदारी मामले में प्रवर्तन निदेशालय की चार्जशीट में जैकलीन फर्नांडीज को भी आरोपी बनाया गया है। एक्ट्रेस पर सुकेश चंद्रशेखर से महंगे गिफ्ट लेने का आरोप लगाया गया है। सुकेश ने मशहूर हस्तियों और व्यापारियों से करोड़ों रुपए की ठगी के पैसों से ही ये महंगे गिफ्ट खरीदे थे।
श्रीलंका में जन्मी बॉलीवुड अदाकारा ने कहा कि उन्हें लग्जरी कार, Gucci और Chanel बैग, Gucci जिम वियर, Louis Vuitton के जूते और आभूषण जैसे कई गिफ्ट मिले थे। उन्होंने यह भी कहा कि सुकेश चंद्रशेखर ने उनके लिए प्राइवेट जेट ट्रिप और होटल में ठहरने का इंतजाम भी किया था।
2017 से दिल्ली की जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर ने कथित तौर पर फोर्टिस हेल्थकेयर के पूर्व प्रमोटर शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी अदिति सिंह सहित कई लोगों के साथ धोखाधड़ी और ठगी की थी।