Jacqueline Fernandez: मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जैकलीन फर्नांडीज की मुश्किल और बढ़ीं, इस दिन दिल्ली की अदालत में होंगी पेश

अदालत ने कहा कि उसने हाल ही में मामले में दायर सप्लीमेंट्री चार्जशीट का संज्ञान लिया है। ईडी ने आरोप लगाया है कि चंद्रशेखर ने फर्नांडीज के लिए उपहार खरीदने के लिए अवैध धन का इस्तेमाल किया

अपडेटेड Aug 31, 2022 पर 4:36 PM
जैकलीन फर्नांडीज की फिर बढ़ सकती हैं मुश्किलें (FILE PHOTO)

बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज (Jacqueline Fernandez) को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने 26 सितंबर को पेश होने के लिए समन जारी किया है। यह समन महाठग सुकेश चंद्रशेखर (Sukesh Chandrashekar) से जुड़े करोड़ों रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले से जुड़ा है। सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसी जैकलीन फर्नांडिस के खिलाफ दायर सप्लीमेंट्री चार्जशीट पर पटियाला हाउस कोर्ट ने संज्ञान लिया है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली कोर्ट ने जैकलीन फर्नांडिस को समन जारी करते हुए 26 सितंबर को पेश होने का आदेश दिया है। कोर्ट ने इसके साथ ही ईडी को जैकलीन के वकील को चार्जसीट की कॉपी सौंपने का निर्देश दिया है। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पिछले हफ्ते फर्नांडीज को घोटाले में एक आरोपी के रूप में नामित करते हुए एक चार्जशीट दायर किया था।

ये भी पढ़ें- IMD Rains Forecast: इन राज्यों में अगले 5 दिनों के दौरान होगी मूसलाधार बारिश, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट


ED ने जैकलीन फर्नांडीस को सुकेश चंद्रशेखर के 200 करोड़ रुपये के जबरन वसूली मामले की चार्जशीट में आरोपी बनाया था। एजेंसी ने दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में फिल्म एक्ट्रेस के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट की थी। यह चार्जशीट प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत दायर की गई थी।

क्या है आरोप?

ED द्वारा हाल ही में कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर और अन्य के खिलाफ आपराधिक जांच के सिलसिले में हाल ही में फर्नांडीज की 7.27 करोड़ रुपये की संपत्ति मनी लॉन्ड्रिंग रोधी कानून के तहत कुर्क की गई थी। जांज एजेंसी ने मनी लॉन्ड्रिंग निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत 36 वर्षीय अभिनेत्री की 7.12 करोड़ रुपये की संपत्ति और 15 लाख रुपये नकद को कुर्क करने के लिए एक अस्थायी आदेश जारी किया है, क्योंकि इसने इन फंड्स को अपराध की आय करार दिया है।

चार्जशीट में बताया गया है कि सुकेश चंद्रशेखर ने जबरन वसूली सहित आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देते हुए जो उगाही की उससे जैकलीन फर्नांडीज को 5.71 करोड़ रुपये गिफ्ट दिए थे। इन उपहारों के अलावा, चंद्रशेखर ने फर्नांडीस के करीबी परिवार के सदस्यों को 1,72,913 अमेरीकी डालर (मौजूदा दर के अनुसार लगभग 1.3 करोड़ रुपये) और एयूडी 26740 (लगभग 14 लाख रुपये) की राशि भी दी। इसके अलावा अभिनेत्री के साथ को स्क्रिप्ट लिखने में सहयोग करने के लिए 15 लाख रुपये भी दिए।

अदालत ने बुधवार को कहा कि उसने हाल ही में मामले में दायर सप्लीमेंट्री चार्जशीट का संज्ञान लिया है। ईडी ने आरोप लगाया है कि चंद्रशेखर ने फर्नांडीज के लिए उपहार खरीदने के लिए अवैध धन का इस्तेमाल किया, जिसे उसने फोर्टिस हेल्थकेयर के पूर्व प्रमोटर शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी अदिति सिंह सहित हाई-प्रोफाइल लोगों को धोखा देकर लिया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।