एक वक्त था जब बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपयों का कलेक्शन करने वाली फिल्में काफी बड़ी हिट मानी जाती थीं। हालांकि अब वह दौर आ गया है जब 100 करोड़ का आंकड़ा एक दिन में ही पूरा हो जा रहा है। अब बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट फिल्मों के लिए कलेक्शन का मानक 400-500 करोड़ रुपयों तक जा पहुंचा है। 'बाहुबली 2' से पहले यह आंकड़ा किसी जादुई सपने की तरह से लगता था। पर 'बाहुबली' और कोविड के बाद 'RRR' और KGF-2 के बाद अब यह आंकड़ा नॉर्मल सा लगने लगा है। अब इस इस साल की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक शाहरुख खान की 'जवान' ने भी अपना नाम 400 करोड़ी फिल्मों में शामिल करा लिया है। 'जवान' सबसे तेज 400 करोड़ रुपये कमाने वाली फिल्म बन गई है।
9 दिनों में ही 'जवान' ने कमाए 400 करोड़ रुपये
शाहरुख खान की 'जवान' ने महज 9 दिनों में 400 करोड़ रुपये कमा लिये हैं। इसके साथ ही यह सबसे तेज 400 करोड़ रुपये कमाने वाली फिल्म बन गई है। 'जवान' से पहले शाहरुख खान की फिल्म 'पठान' ने 11 दिन में 400 करोड़ रुपये कमाए थे। वहीं गदर-2 ने 10 दिनों में 400 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया था। 'जवान' ने 9 दिनों में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 413 करोड़ रुपये की कमाई कर डाली है। वहीं ग्लोबल कलेक्शन में इस फिल्म ने अभी तक 696.7 करोड़ रुपये कमा डाले हैं।
जल्द ही 500 करोड़ रुपये कमा सकती है 'जवान'
ऐसा कहा जा रहा है कि 'जवान' बेहद जल्द ही 500 करोड़ रुपयों के क्लब में एंट्री मार सकती है। ऐसी उम्मीद है कि अगले हफ्ते यह फिल्म 500 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर लेगी। 'जवान' की सफलता के बाद ऐसा कहा जा रहा है कि 'टाइगर 3' और शाहरुख खान की ही 'डंकी' भी बॉक्स ऑफिस पर कमाई के कई सारे रिकॉर्ड्स को तोड़ सकती है। अगर आने वाली बाकी फिल्में भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन करती हैं तो यह साल बॉलीवुड के लिए सबसे अच्छा साल बन जाएगा।
'पठान' ने कमाए थे 500 करोड़ रुपये
अब तक सबसे ज्यादा कमाई करने का रिकॉर्ड शाहरुख खान की फिल्म 'पठान' के नाम पर है। 'पठान' ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 524.50 करोड़ रुपये कमाए थे। इसके बाद गदर-2 ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 518 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी। वहीं अब 'जवान' भी बेहद जल्द 500 करोड़ के क्लब में एंट्री मारने वाली है।