बॉलीवुड अभिनेता जॉन अब्राहम (John Abraham) अपनी आगामी फिल्म एक विलेन रिटर्न्स (Ek Villain Returns) में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में उनके साथ अर्जुन कपूर (Arjun Kapoor), तारा सुतारिया (Tara Sutaria) और दिशा पटानी (Disha Patani) भी लीड रोल में हैं। इस एक्शन थ्रिलर फिल्म को एकता कपूर का बालाजी मोसन पिक्चर्स और भूषण कुमार की टी-सीरीज प्रोड्यूस कर रही है।
जॉन की पिछली फिल्म अटैक पार्ट 1 (Attack Part 1) सिनेमाघरों में दस्तक देने के लगभग दो महीने बाद मई में OTT (Over-the-top) पर रिलीज हुई थी। अब रिलीज के 2 महीने बाद अभिनेता का कहना है कि वह सिर्फ बड़े पर्दे पर ही काम करना चाहते हैं।
अभिनेता का कहना है कि वह ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपनी फिल्में नहीं देख सकते, क्योंकि वह सिर्फ बड़े पर्दे के हीरो हैं। हालांकि जॉन ने ऐसा कहते हुए यह भी कहा कि वह ओटीटी स्पेस को काफी पसंद करते हैं।
जॉन अब्राहम ने ETimes से बात करते हुए कहा कि वह नहीं चाहते हैं कि लोग उन्हें 299 या 499 रुपये महीने में छोटे स्क्रीन पर देखें। जॉन ने यह भी कहा कि उन्हें बहुत बुरा लगेगा, जबकि घर पर कोई उनकी फिल्म देखते हुए बीच में ही रोक देगा। जॉन ने कहा कि वह 'बड़े पर्दे के हीरो' हैं और हमेशा वही रहना चाहते हैं।
अभिनेता ने कहा, 'मैं सिर्फ बड़े पर्दे का हीरो हूं और यहीं मैं रहना चाहता हूं। इस समय मैं सिर्फ बड़े पर्दे पर काम करना चाहता हूं। मुझे बुरा लगेगा अगर कोई घर में मेरी फिल्म बीच में रोक दे और वॉशरूम भागे।'
जॉन ने आगे कहा, 'मैं नहीं चाहता कि लोग मुझे घर बैठे सिर्फ 299 या 499 रुपये में देखें। मुझे इससे दिक्कत होगी।' उन्होंने कहा कि मुझे ओटीटी स्पेस पसंद है। मैं इस मीडियम के लिए फिल्में बनाऊंगा, लेकिन एक अभिनेता होने के नाते मेरा फंडा क्लीयर है कि मैं बड़े पर्दे पर ही काम करना चाहता हूं।
वैसे भले ही जॉन अब्राहम खुद को बड़े पर्दे का हीरो कह रहे हों लेकिन उनकी पिछली 5 फिल्में लगातार फ्लॉप हो चुकी हैं। जॉन अब्राहम की 'रोमियो अकबर वॉल्टर', 'बाटला हाउस', 'पागलपंती', 'मुंबई सागा', 'सत्यमेव जयते 2' और 'अटैक' लगातार फ्लॉप ही रही हैं। साथ ही क्रिटिक्स का मिला-जुला रिव्यू ही मिला है।
जॉन की अपनी प्रोडक्शन कंपनी भी है जिसका नाम जॉन अब्राहम एंटरटेनमेंट है। अपने प्रोडक्शन हाउस के तले उन्होंने साल 2012 में फिल्म 'विक्की डोनर' और साल 2013 में 'मद्रास कैफ़े' बनाई थी। मद्रास कैफ़े में जॉन ने एक्टिंग भी की थी।