हॉलीवुड के मशहूर अभिनेता और तीन बार ऑस्कर के नामांकित जॉनी डेप (Johnny Depp) अपनी पूर्व पत्नी एंबर हर्ड से मानहानि का केस जीतने के बाद अब एक बार फिर दुनियाभर में सुर्खियों में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जॉनी डेप अपनी एक विवाहित महिला वकील को डेट कर रहे हैं। महिला वकील उनकी पूर्व पत्नी एंबर हर्ड के मानहानि मामले में अभिनेता का केस भी लड़ चुकी है।
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, महिला वकील लंदन की रहने वाली जोएल रिच (Joelle Rich) हैं। रिच पहले से शादीशुदा हैं, लेकिन अपने पति से अलग हो चुकी हैं। कहा जा रहा है कि डेप और जोएल एक दूसरे के साथ सीरियस रिलेशन में हैं और इस रिश्ते को आगे बढ़ाना चाहते हैं। हालांकि, जोएल का उनके पति के साथ तलाक अभी फाइनल नहीं हुआ है।
जोएल रिच ने जॉनी डेप की पूर्व पत्नी एंबर हर्ड के खिलाफ मानहानि के मामले में अभिनेता का पक्ष रखा था। यूएस वीकली की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि रिच पूर्व पत्नी एंबर हर्ड के खिलाफ मानहानि के मुकदमे का हिस्सा नहीं थीं, लेकिन रिपोर्ट की मानें तो वो इस ट्रायल के दौरान डेप को सपोर्ट करने के लिए कोर्टरूम में मौजूद रहती थीं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि दोनों अपने रोमांस के शुरुआती दौर में होटलों में छुपकर मिलते रहते थे। इससे पहले सोशल मीडिया पर खबरें सामने आ रही थी कि जॉनी और उनकी एक अन्य वकील केमिली वास्केज (Camille Vasquez) डेटिंग कर रहे हैं।
केमिली ने जॉनी डेप की पूर्व पत्नी एंबर हर्ड के खिलाफ मानहानि के मामले में अभिनेता का प्रतिनिधित्व किया था। हालांकि, केमिली ने इन अफवाहों को खारिज करते हुए कहा था कि वह किसी और के साथ रिश्ते में हैं। जॉनी डेप बीते काफी समय से अपनी पूर्व पत्नी एंबर हर्ड संग चल रहे विवाद को लेकर चर्चा में हैं।