Renukaswamy Murder Case: रेणुकास्वामी मर्डर केस में कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के एक जेल में बंद मशहूर कन्नड़ एक्टर दर्शन थुगुदीपा का एक चौंकाने वाली तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। कन्नड़ सुपरस्टार दर्शन पर अपने फैंस रेणुकास्वामी का अपहरण करने और फिर हत्या करने का आरोप है। हाई प्रोफाइल रेणुका स्वामी मर्डर केस में जेल की सजा काट रहे थुगुदीपा की वायरल तस्वीर में वो जेल के अंदर वीवीआईपी ट्रीटमेंट लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। वायरल तस्वीरों में वह जेल के अंदर अपने दोस्तों के साथ मेज-कुर्सी लगाकर बैठकी कर रहे हैं। इस दौरान वह सिगरेट पीते और कॉपी की चुस्की लेते दिख रहे हैं। वायरल तस्वीर बैंगलुरु की परप्पना अग्रहारा जेल की है।
समाचार एजेंसी आईएएनएस द्वारा शेयर की गई तस्वीर में एक्टर ग्रे टी-शर्ट और काली पतलून पहले एक कुर्सी पर बैठे हुए हैं। इस दौरान वह एक हाथ में कॉफी और दूसरे में सिगरेट पकड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। वह किसी बगीचे में तीन अन्य लोगों के साथ बैठे हुए कॉफी पीते हुए और किसी बात पर हंसते हुए दिखाई दे रहे हैं। वायरल तस्वीर ने जेल के भीतर मिल रही VVIP ट्रीटमेंट की पोल खोल रही है।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, दर्शन के पास बैठे लोगों में से एक (काली शर्ट में) कुख्यात हिस्ट्रीशीटर विल्सन गार्डन नागा (history-sheeter Wilson Garden Naga) है। कुछ समाचार रिपोर्टों के अनुसार, दर्शन के साथ बैठे लोगों में हिस्ट्रीशीटर विल्सन गार्डन नागा के अलावा कुख्यात कैदी नागराज (एक्टर के मैनेजर और सह-आरोपी) और कुल्ला सीना शामिल हैं। वायरल तस्वीर पर प्रतिक्रिया देते हुए मृतक रेणुकास्वामी के पिता काशीनाथ एस शिवनगौडरू ने इसकी जांच और इसके पीछे के लोगों को सजा देने की मांग की।
उन्होंने कहा, "ऐसी चीजों से लगता है कि सीबीआई जांच होनी चाहिए।" उन्होंने कहा, "तस्वीर को देखकर मैं उसे (दर्शन) दूसरों के साथ सिगरेट पकड़े और चाय पीते हुए देखकर हैरान हूं। हमें आशंका है कि वह जेल में है या नहीं। जेल को जेल ही रहना चाहिए और कुछ और नहीं बनना चाहिए। उसके साथ अन्य सामान्य कैदियों की तरह व्यवहार किया जाना चाहिए, लेकिन यहां ऐसा लग रहा है कि वह किसी रिसॉर्ट में बैठा है।"
कन्नड़ अभिनेता को 11 जून, 2024 को हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था। वह 22 जून से न्यायिक हिरासत में बेंगलुरु जेल में बंद है। दर्शन को कन्नड़ एक्टर के फैंस रेणुकास्वामी की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था। 33 वर्षीय ऑटो चालक रेणुकास्वामी को 9 जून को बेंगलुरु में एक फ्लाईओवर के पास पाया गया था। पुलिस के अनुसार, रेणुकास्वामी को एक्टर के निर्देश पर एक गैंग द्वारा अपहरण कर लिया गया और बाद में उसकी हत्या कर दी गई।
फैंस ने कथित तौर पर एक्ट्रेस पवित्रा गौड़ा (Pavithra Gowda) को सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक मैसेज भेजे थे, जिनके बारे में अफवाह है कि वे दर्शन की पार्टनर हैं। पुलिस ने दर्शन और पवित्रा गौड़ा के साथ 15 अन्य लोगों को गिरफ्तार किया है।
21 अगस्त को बेंगलुरु की एक अदालत ने दर्शन, पवित्रा और अन्य की न्यायिक हिरासत 28 अगस्त तक बढ़ा दी। वायरल तस्वीर पर प्रतिक्रिया देते हुए रेणुकास्वामी के पिता शिवा गौड़ा ने राज्य सरकार से एक्टर के खिलाफ कार्रवाई करने का अनुरोध किया।