Kapil Sharma: 'मैंने आत्महत्या करने के बारे में सोचा', कपिल शर्मा ने अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर को किया याद

हमेशा लोगों को हंसाने वाले कपिल शर्मा के मुताबिक जो लोग सबसे अधिक मुस्कुराते हैं, वे सबसे दुखी होते हैं। कपिल शर्मा ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया है कि कॉमेडियन की जिंदगी में एक समय ऐसा भी आया था जब वो डिप्रेशन में थे और वह आत्महत्या करने के बारे में सोच रहे थे

अपडेटेड Mar 12, 2023 पर 6:03 PM
Kapil Sharma नंदिता दास की आने वाली फिल्म Zwigato में नजर आएंगे, जो 17 मार्च को रिलीज होगी

'द कपिल शर्मा शो (The Kapil Sharma Show)' के होस्ट मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता कपिल शर्मा (Kapil Sharma) इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'ज्विगाटो (Zwigato)' को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। इस फिल्म से कपिल शर्मा काफी समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। हमेशा लोगों को हंसाने वाले कपिल शर्मा के मुताबिक जो लोग सबसे अधिक मुस्कुराते हैं, वे सबसे दुखी होते हैं। कपिल शर्मा ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया है कि कॉमेडियन की जिंदगी में एक समय ऐसा भी आया था जब वो डिप्रेशन में थे और वह आत्महत्या करने के बारे में सोच रहे थे।

दरअसल, यह बात दो साल पहले की है। साल 2017 कपिल के लिए सबसे मुश्किल भरा रहा, क्योंकि उनकी फिल्म 'किस किस को प्यार करूं' बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही। इसके बाद उनके साथी सुनील ग्रोवर के साथ उनका झगड़ा हो गया था। इस दौरान वह डिप्रेशन में आकर काफी शराब पीना शुरू कर दिए थे।

अपनी आने वाली फिल्म Zwigato के प्रचार के दौरान कपिल ने उन लोगों को कुछ सलाह दी है, जो अपने जीवन में उदास या अकेलापन महसूस कर रहे हैं। कपिल ने 'आजतक' से कहा, ''एक पब्लिक फिगर के तौर पर करोड़ों लोग आपको जानते हैं। आप उनका मनोरंजन करते हैं, लेकिन जब आप घर आते हैं तो आप अकेले होते हैं। आप सामान्य जीवन जीने की स्थिति में भी नहीं होते हैं। जैसे बाहर जाकर समुद्र तट पर बैठना या मुंबई की सड़कों पर घूमना इत्यादी...। आप दो कमरे के फ्लैट में रहते हैं और जब शाम को बाहर अंधेरा हो जाता है, तो मैं यह नहीं बता सकता कि उस स्थिति में कितना बुरा लग रहा होता है।"


उन्होंने आगे कहा, "उस दौरान मैंने आत्महत्या करने के बारे में सोचा। मैंने सोचा कि ऐसा कोई नहीं है जिसके साथ मैं अपनी भावनाओं को साझा कर सकूं। मैं जहां से आता हूं, मानसिक स्वास्थ्य ऐसी चीज नहीं है, जिस पर चर्चा की जाए। मुझे नहीं लगता कि यह पहली बार था, जब मैं इस दौर से गुजरा। हो सकता है, बचपन में मुझे लो फील हुआ हो, लेकिन किसी ने नोटिस नहीं किया होगा। एक बार जब आप पैसा कमाने के लिए बाहर जाते हैं और आप अकेले होते हैं तो आपकी देखभाल करने वाला कोई नहीं होता है।"

ये भी पढ़ें- 'मुझे बचा लो, मैं मरना नहीं चाहता', मौत से पहले सतीश कौशिक के वो आखिरी पल, मैनेजर ने बताई दिल दहला देने वाली बात

कपिल ने आगे कहा कि आपको चीजों को समझने के लिए आपको यह पता नहीं चलता है कि आपके आसपास के लोगों के पीछे छिपे इरादे हैं। खासकर यदि आप एक कलाकार हैं। लेकिन जब आप इस तरह के दौर से गुजरते हैं, तो आप अपने आसपास चल रही चीजों पर ध्यान देना शुरू कर देते हैं। आपकी आंखें खुल जाती हैं। यदि कोई कलाकार संवेदनशील है, तो इसका मतलब यह नहीं है कि वह मूर्ख है।

बता दें कि कपिल शर्मा नंदिता दास की आने वाली फिल्म Zwigato में नजर आएंगे। एक्टर-कॉमेडियन इस फिल्म का जोर शोर से प्रमोशन कर रहे हैं। यह फिल्म 17 मार्च को थियेटर्स में रिलीज होगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।