विवेक अग्निहोत्री का आरोप- कपिल शर्मा ने फिल्म The Kashmir Files को प्रमोट करने से किया इनकार, ट्विटर पर ट्रेंड हुआ #BycottKapilSharmaShow

विवेक अग्निहोत्री ने आरोप लगाया है कि कपिल शर्मा की टीम ने उनकी फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ के प्रमोशन के लिए इनकार कर दिया है, क्योंकि इसमें कोई बड़ा स्टार नहीं है

अपडेटेड Mar 08, 2022 पर 3:35 PM
एक बेहद एतिहासिक और महत्वपूर्ण मुद्दे को उठाती फिल्म द कश्मीर फाइल्स को प्रमोट नहीं किया जाना कुछ लोगों को गुस्सा दिला गया

कॉमेडी किंग कपिल शर्मा (Kapil Sharma) एक बार फिर ट्विटर पर सुर्खियों और टॉप ट्रेंड में आ गए हैं। इस बार वह अपनी किसी आगामी प्रोजेक्ट या चुटकुलों की वजह से नहीं बल्कि 'द कपिल शर्मा शो (The Kapil Sharma Show)' से जुड़े एक नए विवाद की वजह से जमकर ट्रोल हो रहे हैं। इतना ही नहीं ट्विटर पर #BycottKapilSharmaShow ट्रेंड कर रहा है।

दरअसल, बॉलीवुड फिल्ममेकर विवेक अग्निहोत्री (Vivek Agnihotri) ने आरोप लगाया है कि कपिल शर्मा की टीम ने उनकी आगामी फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स (The Kashmir Files)' के प्रमोशन के लिए इनकार कर दिया है। इस संबंध में कपिल शर्मा ने कथित तौर कहा है कि फिल्म में कोई बड़ा स्टार नहीं है, इसलिए फिल्म को प्रमोट नहीं करेंगे।

एक यूजर द्वारा किए गए ट्वीट के जवाब में विवेक ने यह दावा किया है। ट्विटर पर एक यूजर ने लिखा कि विवेक सर आपकी फिल्म को कपिल शर्मा शो में प्रमोट करने की जरूरत है। कपिल भाई आपने सबका सहयोग किया है। प्लीज आप इस फिल्म को प्रमोट करिए। हम सब मिथुन दा और अनुपम खेर को एक साथ देखना चाहते हैं।


ये भी पढ़ें- Alia Bhatt: Netflix की 'हार्ट ऑफ स्टोन' से हॉलीवुड में डेब्यू करेंगी आलिया भट्ट, Gal Gadot के साथ आएंगी नजर

इसके जवाब में विवेक ने लिखा कि मैं यह तय नहीं कर सकता कि कपिल शर्मा के शो में किसे इनवाइट किया जाना चाहिए। यह उनके और उनके प्रोड्यूसर की इच्छा है कि वे किसे इनवाइट करना चाहते हैं। जहां तक बॉलीवुड की बात है, मैं यही कहूंगा जो एक बार मिस्टर बच्चन ने गांधी परिवार के बारे में कहा था- वो राजा हैं हम रंक।

वहीं, एक अन्य दूसरे यूजर ने लिखा कि कपिल शर्मा बहुत अच्छा लगेगा इस फिल्म का प्रोमो आपके शो में देखकर। इसके जवाब में विवेक ने कहा कि उन्होंने हमें बुलाने से इनकार कर दिया है, क्योंकि हमारी फिल्म में कोई भी बड़ा कमर्शियल स्टार नहीं है। इसके बाद अब इस विवाद में अभिनेता सलमान खान का भी नाम सामने आया है, क्योंकि कपिल शर्मा शो के प्रोड्यूसर सलमान खान ही हैं।

एक बेहद एतिहासिक और कश्मीरी पंडितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे को उठाती फिल्म द कश्मीर फाइल्स को प्रमोट नहीं किया जाना कुछ लोगों को गुस्सा दिला गया और फिर ट्विटर पर लोगों ने हैश टैग #BoycottKapilSharmaShow ट्रेंड कराना शुरू कर दिया। लोग सोशल मीडिया पर कपिल शर्मा को जमकर ट्रोल कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर #KapilSharmaShow भी ट्रेंड कर रहा है। कुछ यूजर्स ने यह भी कहा कि वे 'द कश्मीर फाइल्स' की टीम को इसलिए नहीं बुलाना चाहते, क्योंकि कश्मीरी हिंदुओं का छिपा सच सामने आ जाएगा। द कश्मीर फाइल्स फिल्म की कहानी 90 के दशक में कश्मीर में कश्मीरी पंडित के पलायन और उनपर हुए अत्याचार से जुड़ी है। यह फिल्म 11 मार्च 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।