फिल्ममेकर करण जौहर (Karan Johar) के मशहूर टॉक शो कॉफी विद करण (Koffee With Karan) के फैंस को बड़ा झटका लगा है। अब तक बॉलीवुड सेलेब्स के कई राज से पर्दा उठा चुके करण ने इस टॉक शो अलविदा कह दिया है। करण जौहर ने सोशल मीडिया के जरिए ऐलान किया है कि उनके टॉक शो 'कॉफी विद करण' का अब कोई नया सीजन नहीं आएगा। उन्होंने बुधवार को 'भारी मन' से इसकी घोषणा की।
करण जौहर ने ट्विटर पर एक बयान जारी कर कहा, "हैलो, कॉफी विद करण 6 सीजन से मेरी और आपकी जिंदगी का हिस्सा रहा है। मैं ये सोचना पसंद करूंगा कि हमने प्रभाव डाला है और पॉप कल्चर के इतिहास में अपनी जगह बनाई है। भारी मन से मैं बताना चाहूंगा कि कॉफी विद करण अब वापस नहीं लौटेगा।"
बता दें कि कुछ दिनों पहले खबरें आई थीं कि कॉफी विद करण शो जल्द ही आने वाला है और इसकी शूटिंग मई से शुरू होने वाली है। खबरों में ये भी दावा किया गया था कि आलिया भट्ट और रणबीर कपूर करण शो के पहले मेहमान बनेंगे। इस बीच, अब अचानक इसके अगले सीजन के न आने की खबर से फैंस काफी निराश हैं।
कॉफी विद करन शो के अब तक 6 सीजन आ चुके हैं। टॉक शो के पहले सीजन का प्रीमियर 2004 में हुआ था। इसका हर सीजन चर्चा में रहा और इसकी लोकप्रियता दिनों दिन बढ़ती गई। पिछले दिनों चर्चा थी कि कॉफी विद करण जून के महीने में शुरू होने वाला है।
कॉफी विद करण कई बार विवादों में घिर चुका है। अभिनेत्री कंगना रनौत से लेकर क्रिकेटर हार्दिक पंड्या ने शो पर ऐसी बातें कहीं, जिसपर बाद में विवाद खड़ा हो गया था। सीजन 6 में आए हार्दिक पंड्या और केएल राहुल ने शो में महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसके बाद दोनों की काफी आलोचना हुई थी।
विवाद इतना बढ़ गया कि शो ने इस एपिसोड को ऑनलाइन हटा दिया था। ये इकलौता एपिसोड था, जिसे प्लेटफॉर्म से हटाया गया है। कॉफी विद करण में ज्यादातर बॉलीवुड सेलेब्स आते हैं और करण जौहर उनसे बातें करते हैं। शो के दौरान सेलेब्स कुछ खट्टी-मीठी यादें शेयर करते हैं।