सलमान खान के बाद अब कैटरीना कैफ और विक्की कौशल को मिली जान से मारने की धमकी, शख्स गिरफ्तार

मुंबई पुलिस का आरोप है एक अज्ञात शख्स ने सोशल मीडिया के जरिए विक्की कौशल और कैटरीना कैफ को जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने मामले में एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया है

अपडेटेड Jul 25, 2022 पर 2:41 PM
एक महीने पहले बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को भी जान से मारने की धमकी वाला एक पत्र मिला था

बॉलीवुड के स्टार कपल विक्की कौशल (Vicky Kaushal) और कैटरीना कैफ (Katrina Kaif) को जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। धमकी देना वाला शख्स कौन है इसका खुलासा हो गया है। मुंबई पुलिस ने मनविंदर सिंह नाम के एक शख्स को गिरफ्तार किया है।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, मुंबई पुलिस ने सोमवार को एक बयान जारी कर बताया कि पुलिस ने एक अज्ञात व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। कैटरीना कैफ और विक्की कौशल को सोशल मीडिया के माध्यम से जान से मारने की धमकी दिए जाने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

सांताक्रूज पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। विक्की कौशल ने खुद सांताक्रूज पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया है। विक्की और कैटरीना ने अभी तक इस बारे में कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं की है। बता दें कि बॉलीवुड कपल ने दिसंबर 2021 में राजस्थान में शादी की थी।


ये भी पढ़ें- President Droupadi Murmu: देश की 15वीं राष्ट्रपति बनीं द्रौपदी मुर्मू, CJI एनवी रमना ने दिलाई शपथ

धमकी मिलने की खबर सुनकर स्टार्स के फैंस काफी परेशान हो गए हैं। फैंस ये सोचकर हैरान हैं कि आखिर बिना किसी विवाद में रहने वाले सेलेब्स विक्की कौशल और कैटरीना कैफ की किसी से क्या दुश्मनी हो सकती है। एक अधिकारी ने कहा कि अब धमकी देने वाला शख्स ही इसका बेहतर जवाब दे सकता है।

कई स्टार्स को मिल चुकी है धमकी

आपको बता दें कि एक महीने पहले बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान और उनके पिता सलीम खान को भी जान से मारने की धमकी वाला एक पत्र मिला था। सूत्रों के अनुसार, सलीम की सुरक्षा टीम और पुलिस को एक कथित तौर पर पत्र मिला था। इसमें धमकी दी गई थी कि दोनों का पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की तरह हश्र किया जाएगा।

मूसेवाला की मई में सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पत्र मिलने के बाद खान की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। इस मामले में सलमान खान ने शुक्रवार को मुंबई के पुलिस कमिश्नर विवेक फणसालकर से दक्षिण मुंबई में उनके कार्यालय में मुलाकात की थी। सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान उन्होंने एक हथियार के लाइसेंस के लिए अप्लाई किया।

सलमान के अलावा जून में अभिनेत्री स्वरा भास्कर को भी एक पत्र मिला था, जिसमें उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी। पत्र मिलने के बाद स्वरा वर्सोवा थाने गई और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। वहीं, अभिनेत्री कंगना रनौत ने नवंबर 2021 में दावा किया था कि उन्हें कृषि कानून प्रदर्शनकारियों के खिलाफ एक ब्लॉग पोस्ट लिखने की वजह से जान से मारने की धमकी मिली है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।