स्वर कोकिला लता मंगेशकर का 92 साल की उम्र में निधन, Covid-19 संक्रमण के बाद से ICU में एडमिट थीं

गायिका लता मंगेशकर के पार्थिव शरीर को करीब 12:30 बजे उनके आवास पर लाया जाएगा, पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार आज शाम 6.30 बजे शिवाजी पार्क में किया जाएगा

अपडेटेड Feb 06, 2022 पर 12:50 PM
Story continues below Advertisement
थम गया सुरों का कारवां...

अपनी सुरीली आवाज से देश-दुनिया पर दशकों तक राज करने वाली सुर-साम्राज्ञी लता मंगेशकर का 92 साल की उम्र में निधन हो गया। 'भारत रत्‍न' से सम्‍मानित गायिका ने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्‍पताल में अंतिम सांस ली। वह 92 साल की थीं। 'भारत की नाइटिंगेल' के नाम से दुनियाभर में मशहूर लता मंगेशकर ने करीब पांच दशक तक हिंदी सिनेमा में फीमेल प्‍लेबैक सिंगिंग में एकछत्र राज किया। उनकी बहन उषा मंगेशकर ने बताया कि लता मंगेशकर का निधन हो गया है।

बता दें कि गायिका लता मंगेशकर के पार्थिव शरीर को करीब  12:30 बजे उनके आवास पर लाया जाएगा। पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार आज शाम 6.30 बजे शिवाजी पार्क में किया जाएगा।

दरअसल, जनवरी में कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में वह न्यूमोनिया से पीड़ित हो गईं। हालत बिगड़ने के बाद उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। उनकी हालत में सुधार के बाद वेंटिलेटर सपोर्ट भी हट गया था। लेकिन 5 फरवरी को उनकी स्थिति बिगड़ने लगी और उन्हें फिर से वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। आखिरकार, 6 फरवरी को 'स्वर कोकिला' ने आखिरी सांस ली।


इससे पहले नवंबर 2019 में लता मंगेशकर को इसी हॉस्पिटल में एडमिट किया गया था।  तब 28 दिनों के बाद उन्हें डिस्चार्ज किया गया था। लता मंगेशकर ने अपना करियर 1942 में 13 साल की उम्र में शुरू किया था। उनकी मातृभाषा मराठी थी लेकिन उन्होंने अलग-अलग भाषाओं में करीब 30,000 से ज्यादा गाने गाये हैं। उनका करियर करीब 70 वर्षों का है। उनके शानदार करियर का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि लता मंगेशकर ने मधुबाला से लेकर काजोल तक के लिए गाने गाए हैं।

लता मंगेशकर के सबसे लोकप्रिय गानों की बात करें तो इनमें 'अजीब दास्तां है ये', 'जब प्यार किया तो डरना क्या' और 'ये नीला आसमां' जैसे कई गाने हैं। लता मंगेशकर ने अपना पहला हिंदी गाना 'आप की सेवा में' गाया था। यह फ़िल्म 1946 में रिलीज हुई थी। इस फ़िल्म में उन्होंने 'पा लगूं कर जोरी' गाया था। इसके दो साल बाद उन्होंने गुलाम हैदर की फ़िल्म 'मजबूर' के लिए 'दिल मेरा तोड़ा' गाया और इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा था।

Lata Mangeshkar Health: सिंगर लता मंगेशकर की तबीयत फिर बिगड़ी, दोबारा वेंटिलेटर पर रखा गया

भारत रत्न से सम्मानित 

उन्होंने एक हजार से अधिक फिल्मों के लिए गाने रिकॉर्ड किए और 36 से अधिक क्षेत्रीय भाषाओं और विदेशी भाषाओं में गाने गए हैं। हालांकि सबसे ज्यादा काम हिंदी में किया है। भारतीय सिनेमा जगत की बड़ी हस्तियों में शामिल लता मंगेशकर को भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न (Bharat Ratna) से सम्मानित किया गया। उन्हें पद्मभूषण (Padma Bhushan), पद्म विभूषण (Padma Vibhushan) और दादा साहेब फाल्के पुरस्कार (Dada Saheb Phalke Award) और कई राष्ट्रीय पुरस्कारों समेत कई अन्य पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।