सलमान खान ने उन कथित धमकियों के बारे में खुलासा किया है, जो उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से सालों से मिल रही हैं। पिछले महीने, बॉलीवुड सुपरस्टार ने घर पर गोलीबारी के मामले में अपना बयान दर्ज कराया था, तब उन्होंने दावा किया था कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग उन्हें मारने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने ये भी खुलासा किया कि इस साल अप्रैल में फायरिंग के बाद उन्होंने अपने परिवार के लोगों से "हर समय सतर्क" रहने के लिए कहा था।
India Today ने बताया कि सलमान खान (Salman Khan) ने मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल के सामने अपना बयान दर्ज कराया है। एक्टर ने कहा, "मुझे पटाखे जैसी आवाज सुनाई दी। तभी सुबह करीब 4.55 बजे पुलिस बॉडीगार्ड ने बताया कि बाइक पर सवार दो लोगों ने गैलेक्सी अपार्टमेंट की पहली मंजिल की बालकनी पर हथियार से फायरिंग की है। इससे पहले भी मुझे और मेरे परिवार को चोट पहुंचाने की कोशिश की गई थी।"
लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने मेरे घर पर की फायरिंग: सलमान
सलमान ने आगे कहा, "मुझे सोशल मीडिया से पता चला है कि लॉरेंस बिश्नोई ने हमले की जिम्मेदारी ली है। इसलिए, मेरा मानना है कि यह लॉरेंस बिश्नोई गैंग है, जिसने मेरी बालकनी पर गोलीबारी की है।"
उन्होंने कहा, “पहले भी, लॉरेंस बिश्नोई और उसके गैंग के सदस्यों ने एक इंटरव्यू में मुझे और मेरे रिश्तेदारों को मारने की बात कही थी। इसलिए, मेरा मानना है कि लॉरेंस बिश्नोई ने अपने गैंग के सदस्यों की मदद से गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया, जब मेरे परिवार के सदस्य अंदर सो रहे थे और मुझे और मेरे परिवार के सदस्यों को मारने की योजना बना रहे थे। इसलिए उन्होंने हमले को अंजाम दिया।”
सलमान के पनवेल फार्महाउस में खुसने की हुई कोशिश!
खान ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से पिछली धमकियों के बारे में विस्तार से बताया और कहा, “उसके बाद, मार्च 2023 में, मेरी टीम के एक कर्मचारी का मेरे आधिकारिक ईमेल पर लॉरेंस बिश्नोई से मुझे और मेरे परिवार को धमकी देने वाला एक ईमेल मिला। इस संबंध में मेरी टीम के सदस्य ने बांद्रा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया था।"
उन्होंने ये भी खुलासा किया कि इस साल जनवरी में दो लोगों ने फर्जी नाम और पहचान का इस्तेमाल कर पनवेल में उनके फार्महाउस में घुसने की कोशिश की थी।
सलमान खान के घर पर हुई थी फायरिंग
इस साल अप्रैल में मुंबई के बांद्रा इलाके में सलमान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर गोलियां चलाई गईं। बाद में, ये बताया गया कि हमले के पीछे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ होने का आरोप है, क्योंकि गैंगस्टर के भाई अनमोल बिश्नोई ने एक फेसबुक पोस्ट के जरिए फायरिंग की जिम्मेदारी ली थी।
मई में, अखिल भारतीय बिश्नोई समाज के अध्यक्ष, देवेंद्र बुदिया ने भी एक बयान जारी किया और तर्क दिया कि अगर बॉलीवुड सुपरस्टार माफी मांगते हैं, तो उनकी माफी पर विचार किया जाएगा।
पिंकविला ने न्यूज एजेंसी IANS से बिश्नोई गैंग के नेता की बातचीत के हवाले से कहा, "अगर सलमान खुद माफी मांगते हैं, तो बिश्नोई समाज माफी पर विचार करेगा। गलती सोमी अली ने नहीं की थी, बल्कि ये सलमान ने की थी।"