'ये सिर्फ ट्रेलर था' लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल ने ली सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग की जिम्मेदारी

अनमोल बिश्नोई जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई है और वह पंजाबी गायक से नेता बने सिद्धू मूसेवाला की हत्या का भी आरोपी है। मूसेवाला हत्याकांड में आरोपी बनाए जाने के बाद अनमोल बिश्नोई अजरबैजान भाग गया था। लॉरेंस बिश्नोई फिलहाल जेल में हैं और पहले भी सलमान खान को जान से मारने की कई धमकियां भेज चुका है

अपडेटेड Apr 14, 2024 पर 10:09 PM
Story continues below Advertisement
लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल ने ली सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग की जिम्मेदारी

रविवार (14 अप्रैल) को मुंबई में सलमान खान (Salman Khan) के घर के बाहर सुबह-सुबह हुई फायरिंग (Firing) से पूरा बॉलीवुड हिल गया है। आज सुबह 5 बजे दो अज्ञात बंदूकधारियों ने मुंबई में उनके घर पर गोलियां चलाईं। अब गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई (Lawrence Bishnoi) के भाई अनमोल बिश्नोई (Anmol Bishnoi) ने आज हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी ली है।

उसने हाल ही में सक्रिय हुए एक अकाउंट के जरिए सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है, "ये सिर्फ ट्रेलर था।" अनमोल बिश्नोई जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई है और वो पंजाबी गायक से नेता बने सिद्धू मूसेवाला की हत्या का भी आरोपी है।

अनमोल बिश्नोई अजरबैजान भाग गया


यह पोस्ट सलमान खान के घर पर हमले के पांच-छह घंटे बाद शेयर किया गया था। पोस्ट में अनमोल ने आगे कहा है कि ये सलमान को उनकी ताकत दिखाने वाला ट्रेलर था और हमारी ताकत को और मत पारखो। ये पहली और आखिरी चेतावनी है।

सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में आरोपी बनाए जाने के बाद अनमोल बिश्नोई अजरबैजान भाग गया था। उसे आखिरी बार अमेरिका में एक शादी में देखा गया था।

CM एकनाथ शिंदे ने सलमान से की बात

वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को सलमान खान से उनके घर के बाहर गोलीबारी की घटना के मद्देनजर बात की और अभिनेता को समर्थन का आश्वासन दिया। शिंदे ने कहा कि राज्य सरकार किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं देगी।

अभिनेता सलमान खान (Salman Khan) के मुंबई स्थित घर के बाहर रविवार तड़के मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने गोलीबारी की, जिसके बाद पुलिस ने उनके आवास के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

बी.आर. आंबेडकर की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के बाद उपनगरीय दादर के चैत्यभूमि में पत्रकारों से बात करते हुए शिंदे ने कहा कि गोलीबारी की घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने कहा, "मैंने मुंबई पुलिस कमिश्नर और अभिनेता सलमान खान से बात की और उन्हें पूरा समर्थन देने की पेशकश की। गोलीबारी की घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं लोगों को आश्वस्त करता हूं कि यह सरकार कानून को अपने हाथ में लेने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बर्दाश्त नहीं करेगी।"

सलमान के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई

सलमान खान को Y+ सुरक्षा मिली है, जिसकी पिछले साल नवंबर 2023 में लॉरेंस बिश्नोई की धमकी के बाद समीक्षा भी की गई थी।

मामले की जांच के लिए मुंबई पुलिस और फोरेंसिक सलमान खान के बांद्रा में घर पर पहुंची थी। पुलिस ने कहा कि दो अज्ञात बंदूकधारी फरार हैं और गोलियां विदेशी पिस्तौल से चलाई गईं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।