ममता कुलकर्णी एक प्रसिद्ध भारतीय अभिनेत्री थीं जिन्होंने 1990 के दशक में बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने कई सफल फिल्मों में काम किया, जैसे करण अर्जुन, बाज़ीगर, और वक्त हमारा है। ममता की छवि एक ग्लैमरस और बोल्ड अभिनेत्री की रही है, लेकिन बाद में वो फिल्म इंडस्ट्री से दूर हो गईं। इसके बाद उनका नाम कई कानूनी विवादों में जुड़ा, और वह मीडिया की नजरों से गायब हो गईं। अब 25 साल बाद भारत लौटने पर उन्होंने अपनी भावनाएं वक्त की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर अपनी मातृभूमि पर लौटने का अनुभव साझा किया। वीडियो में ममता भावुक नजर आईं।
ममता ने बताया कि 25 साल बाद भारत लौटना उनके लिए बेहद खास था। उन्होंने कहा कि जब उनकी फ्लाइट भारत के ऊपर से गुजरी, तो अपने देश की झलक देखकर वह भावुक हो गईं। मुंबई एयरपोर्ट पर कदम रखते ही पुरानी यादें ताजा हो गईं और वह आंसुओं को रोक नहीं पाईं। यह उनके लिए गहरे भावुक पल था।
विवादों में घिरीं ममता कुलकर्णी
अपने फिल्मी करियर के अलावा ममता निजी जिंदगी में भी विवादों में रहीं। 2016 में ठाणे पुलिस ने एक मामले में 80 लाख रुपये की कीमत का एपेड्रीन पाउडर जब्त किया, जो नशे की दवाओं में शामिल होता है। इस केस में ममता के नाम पर भी सवाल उठे। जांच के दौरान पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि ममता कुलकर्णी समेत सात अन्य को वांछित घोषित किया गया। पुलिस ने दावा किया कि ममता ने केन्या में हुई एक बैठक में नशीली दवाओं की योजना पर चर्चा की थी।
ममता ने अपने वकील माधव थोराट के जरिए अदालत में याचिका दायर की, जिसमें उन्होंने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं है। पुलिस का मामला सह-आरोपियों के बयानों पर आधारित था। अदालत ने साक्ष्यों की समीक्षा के बाद ममता को आरोपों से मुक्त कर दिया।
अपनी वापसी के बाद ममता कुलकर्णी ने भारत में नए सिरे से शुरुआत करने की उम्मीद जताई है। उनके इस कदम को उनके चाहने वालों ने सराहा है।