सितंबर में रिलीज हो रही हैं कई सारी बड़ी फिल्में, जवान और सालार जैसी फिल्मों का नाम है लिस्ट में शामिल

सितंबर में सिनेमाघरों में कई सारी बड़ी फिल्में रिलीज होने के लिए तैयार हैं। इन फिल्मों में शाहरुख खान (SRK) स्टारर जवान (Jawan) का नाम भी शामिल है। इस साल की शुरुआत में ही रिलीज हुई शाहरुख खान की पठान (Pathaan) इस साल सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म है। अब ऐसी उम्मीद की जा रही है कि उनकी जवान पठान के कमाई के रिकॉर्ड को भी ब्रेक कर सकती है। आइये डाल लेते हैं एक नजर सितंबर में रिलीज होने वाली फिल्मों की लिस्ट पर

अपडेटेड Aug 27, 2023 पर 12:12 PM
सितंबर में सिनेमाघरों में कई सारी बड़ी फिल्में रिलीज होने के लिए तैयार हैं। इन फिल्मों में शाहरुख खान (SRK) स्टारर जवान (Jawan) का नाम भी शामिल है

अगस्त का महीना लगभग खत्म होने की कागार पर पहुंच गया है। आने वाला सितंबर का महीना सिनेमा लवर्स के लिए खासा शानदार होने वाला है। सितंबर में सिनेमाघरों में कई सारी बड़ी फिल्में रिलीज होने के लिए तैयार हैं। इन फिल्मों में शाहरुख खान (SRK) स्टारर जवान (Jawan) का नाम भी शामिल है। इस साल की शुरुआत में ही रिलीज हुई शाहरुख खान की पठान (Pathaan) इस साल सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म है। अब ऐसी उम्मीद की जा रही है कि उनकी जवान पठान के कमाई के रिकॉर्ड को भी ब्रेक कर सकती है। आइये डाल लेते हैं एक नजर सितंबर में रिलीज होने वाली फिल्मों की लिस्ट पर।

मिस्ट्री ऑफ द टैटू

अर्जुन रामपाल और अमीषा पटेल स्टारर यह फिल्म 1 सितंबर को रिलीज होने के लिए तैयार है। यह एक मर्डर मिस्ट्री फिल्म होने वाली जिसमें हत्यारा मर्डर करने के बाद बॉडी पर टैटू बना कर छोड़ देता है। कहानी दो दशक पहले हुई एक हत्या की है। आईटी इंजीनियर से अभिनेता बने रोहित राज इस फिल्म से अपनी शुरुआत कर रहे हैं। इस फिल्म में डेजी शाह भी नजर आएंगी।


कुशी

यह तेलगू फिल्म भी 1 सितंबर को रिलीज होगी। इस फिल्म में विजय देवरकोंडा और सामंथा रूथ प्रभु मुख्य किरदारों में नजर आएंगे। हालांकि इस फिल्म की शूटिंग को बीच में ही रोकना पड़ गया था। सामंथा को मायोटिस की बीमारी का पता चलने के बाद इस फिल्म की शूटिंग को रोकना पड़ा था।

लव-ऑल

सुधांशु शर्मा द्वारा निर्देशित इस स्पोर्ट्स ड्रामा में के के मेनन एक पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी की भूमिका में हैं। वह सिद्धार्थ की भूमिका निभाते हैं, जो अपने बेटे आदित्य को खेल में आगे बढ़ने देने या न देने के बीच उलझा हुआ है। भारत की राष्ट्रीय बैडमिंटन टीम के मुख्य राष्ट्रीय कोच पुलेला गोपीचंद फिल्म के प्रसेंटर हैं। एक स्पोर्ट्स फिल्म होने के बावजूद मेनन ने कहा है कि यह मध्यमवर्गीय परिवारों और उनके संघर्षों के बारे में भी एक फिल्म है। यह फिल्म 1 सितंबर को रिलीज होगी।

जवान

जवान इस साल की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक है। पठान की ऐतिहासिक कामयबी के बाद शाहरुख खान जवान से एक बार फिर तहलका मचाने के लिए तैयार हैं। जवान की प्रीव्यू 10 जुलाई को लॉन्च किया गया था। अपनी लॉन्चिंग के साथ ही इस प्रीव्यू ने यूट्यूब पर तहलका मचा दिया था। इस फिल्म में साउथ की सुपरस्टार नयनतारा, प्रियमणी और विजय सेतुपति भी नजर आएंगे। इसके अलावा फिल्म में दीपिका पदुकोण और संजय दत्त का कैमियो भी होगा। जवान 7 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

मिस शेट्टी मिस्टर पॉलीशेट्टी

अनुष्का शेट्टी और नवीन पॉलीशेट्टी स्टारर यह फिल्म 7 सितंबर को रिलीज होगी। इस रोमांटिक ड्रामा का निर्देशन महेश बाबू पचीगोला ने किया है। मिस शेट्टी एक शेफ हैं जो केवल एक ऐसे पुरुष की तलाश में हैं जो उनके बच्चे को जन्म देने में मदद कर सके, जबकि मिस्टर पॉलीशेट्टी एक स्टैंड-अप कॉमेडियन हैं जो प्यार और भावनाओं के बारे में सोचते हैं।

अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान एक बार फिर साथ आ सकते हैं नजर, क्या डॉन-3 में स्क्रीन शेयर करेंगे किंग खान और बिग बी?

द नन II

द कॉन्ज्यूरिंग यूनिवर्स के तहत कई फिल्में हैं लेकिन सभी दर्शकों को डराने में कामयाब नहीं रही हैं। हालांकि, 2018 की द नन 1952 रोमानिया में घटने वाली डरावनी कहानी से लोगों को खूब डराया था। हॉरर फिल्म की अगली कड़ी पहली फिल्म के खत्म होने के चार साल बाद बनाई गई है, जिसमें फ्रांस के एक बोर्डिंग स्कूल में सिस्टर आइरीन का एक बार फिर राक्षसी ताकत वालेक, नन के साथ आमना-सामना होता है। यह फिल्म 8 सितंबर को रिलीज हो रही है।

द ग्रेट इंडियन फैमिली , 22 सितंबर

जरा हटके जरा बचके में दर्शकों का मनोरंजन करने के बाद, विक्की कौशल यशराज फिल्म्स की एक और पारिवारिक मनोरंजक फिल्म में नजर आएंगे। विजय कृष्ण आचार्य द्वारा निर्देशित, द ग्रेट इंडियन फैमिली में मानुषी छिल्लर भी हैं, जिन्होंने पिछले साल अक्षय कुमार के साथ सम्राट पृथ्वीराज में डेब्यू किया था। देखने में यह लगता है कि टीजीआईएफ एक हल्की-फुल्की पारिवारिक मनोरंजक फिल्म है। यह फिल्म 22 सितंबर को रिलीज हुई थी।

एक्सपेंड4बल्स

सिल्वेस्टर स्टेलोन के बार्नी रॉस द एक्सपेंडेबल्स फ्रैंचाइज की चौथी किस्त के लिए अपनी टीम के साथ वापस आ गए हैं। यह बताया गया था कि तीसरी फिल्म के बॉक्स ऑफिस पर खराब प्रदर्शन के बाद कोई चौथी फिल्म नहीं होगी, लेकिन जून 2018 में, यह पुष्टि की गई कि स्टैलोन चौथी फिल्म के साथ वापस आएंगे। यह फिल्म 22 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

सुखी

यह फिल्म 22 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह एक हल्की फुल्की कॉमेडी फिल्म है। इस फिल्म के साथ बॉलीवुड की फेमस अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी एक बार फिर से बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं। फिल्म में कुशा कपिला, दिलनाज ईरानी और अमित साध भी हैं।

सालार: पार्ट 1 - सीजफायर

बाहुबली के बाद लगातार फ्लॉप फिल्में देने के बाद प्रभाष अब सालार से दर्शकों को एंटरटेन करने के लिए तैयार हैं। इस फिल्म को केजीएफ फेम डायरेक्टर प्रशांत नील डयरेक्ट कर रहे हैं। इसके अलावा इस फिल्म में पृथ्वीराज सुकुमारन और श्रुति हासन भी हैं। यह फिल्म 28 सितंबर को सिनेमघरों में रिलीज हो रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।