मिस यूनिवर्स 2024 के विजेता के नाम का ऐलान कर दिया गया है। डेनमार्क की विक्टोरिया केजर थेलविग ने मिस यूनिवर्स 2024 खिताब जीत लिया है। पिछले साल की निकारागुआ की मिस यूनिवर्स की विनर रहीं शेन्निस पालासियोस (Sheynnis Palacios) ने इस साल की मिस यूनिवर्स विजेता को विनर का ताज पहनाया। भारत की तरफ से इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वालीं रिया सिंघा टॉप-12 से बाहर हो गई थीं। इस प्रतियोगिता में 130 कंटेस्टेंट्स ने 125 देशों से हिस्सा लिया था। पहली रनर-अप नाइजीरिया की चिडिम्मा अडेटशिना, दूसरी रनर-अप मैक्सिको की मारिया फर्नांडा बेल्ट्रान, तीसरी रनर-अप थाईलैंड की ओपल सुचाता चुआंगस्री और चौथी रनर-अप वेनेज़ुएला की इलियाना मार्केज़ रहीं।
मिस यूनिवर्स 2024 का ग्रांड फिनाले में इंडिया की रिया सिंघा भी शामिल हुई। उन्होंने टॉप 30 में अपनी जगह पक्की कर ली थी, लेकिन टॉप 12 में जगह नहीं बना सकीं। रिया सिंघा इससे पहले इसी साल मिस यूनिवर्स इंडिया ब्यूटी पेजेंट की भी विजेता रहीं थीं। भारत के पास इस साल चौथी बार इस खिताब को जीतने का मौका था।
मिस यूनिवर्स 2024: टॉप 5 फाइनलिस्ट
मैक्सिको में आयोजित होने वाली 73वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता के लिए टॉप 5 फाइनलिस्टों की घोषणा की गई। इसमें मेक्सिको, नाइजीरिया, थाईलैंड, वेनेजुएला और डेनमार्क फाइनल में पहुंचे थे। वहीं टॉप 12 में मिस बोलीविया, मिस मैक्सिको, मिस वेनेज़ुएला, मिस अर्जेंटीना, मिस प्यूर्टो रिको, मिस नाइजीरिया, मिस रूस, मिस चिली, मिस थाईलैंड, मिस डेनमार्क, मिस पेरू, मिस कनाडा ने जगह बना ली थी।
पहली रनर-अप: नाइजीरिया – चिडिम्मा अडेटशिना
दूसरी रनर-अप: मैक्सिको – मारिया फर्नांडा बेल्ट्रान
तीसरी रनर-अप: थाईलैंड – ओपल सुचाता चुआंगस्री
चौथी रनर-अप: वेनेज़ुएला – इलियाना मार्केज़
इससे पहले तीन बार भारतीय ब्यूटी क्वीन्स ने अपने देश के नाम से खिताब सजाया है। 1994 में सुष्मिता सेन ने पहली बार इस खिताब को भारत के नाम किया था। इसके बाद लारा दत्ता और हरनाज संधु ने भी ये खिताब जीता था। वहीं इस बार रिया सिंघा टॉप 12 में जगह नहीं बना पाईं। रिया के बारे में बात करें तो, वो गुजरात की रहने वाली हैं। इस साल की शुरुआत में रिया ने 51 फाइनलिस्ट को हराकर मिस यूनिवर्स इंडिया का खिताब अपने नाम किया था। इसके साथ ही साथ उन्होंने मिस टीन अर्थ 2023 और डिवाज मिस टीन गुजरात 2020 जैसा कई खिताब हासिल किए हैं। रिया ने 16 साल की उम्र से ही अपने मॉडलिंग करियर की शुरुआत कर ली थी। रिया ने अहमदाबाद के जीएलएस यूनिवर्सिटी से परफॉर्मिंग आर्ट्स की डिग्री हासिल की है।