फ्रेंच सिनेमा से एक दुखद न्यूज़ सामने आई है। फ्रांसीसी सिनेमा के सबसे प्रसिद्ध अभिनेताओं में से एक और मार्वल की आगामी 'मून नाइट' (Moon Knight) सीरीज के स्टार गैस्पर्ड उलील (Gaspard Ulliel) का बुधवार को एक स्की दुर्घटना (Ski Accident) के बाद निधन हो गया। वह 37 वर्ष के थे। गैस्पर्ड उलील के आकस्मिक मौत की खबर से फ्रेंच सिनेमा के फैंस हैरान हैं। अभिनेता को उनके फैंस अब मार्वल की आगामी सीरीज 'मून लाइट' में देख सकेगें।
समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार, फ्रांस में एक स्कीइंग के दौरान ये हादसा हुआ और जिसमें उनका निधन हो गया। उलील की अचानक मौत की खबर ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। अभिनेता के परिवार और स्थानीय एजेंट ने कहा कि दो बार के सीजर विजेता अभिनेता (Cesar-winning actor) को सिर में चोट लगने के बाद मंगलवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
रिपोर्ट के अनुसार, गैस्पर्ड उलील दक्षिणपूर्वी फ्रांस में मॉन्टवालेजन (Montvalezan) टाउन में स्की के लिए गए थे, जहां उनके साथ ये दर्दनाक हादसा हुआ। उनकी इस तरह हुई मौत से उनके फैंस और फ्रेंच इंडस्ट्री विश्वास नहीं कर पा रही है। गैस्पर्ड की मौत पर उनके फ्रांस के कई स्टार्स ने शोक व्यक्त किया है। गैस्पर्ड उलील का नाम फ्रेंच सिनेमा के उम्दा अभिनेताओं में शुमार था। उन्होंने कई फिल्मों में अपने हुनर का दम दिखाया था और दर्शकों का दिल जीता था।
फ्रांसीसी प्रधानमंत्री जीन कास्टेक्स ने भी ट्वीट कर दिवंगत अभिनेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। पीएम ने ट्वीट कर कहा कि गैस्पर्ड उलील सिनेमा के साथ बड़े हुए और सिनेमा उनके साथ बड़ा हुआ। वे एक-दूसरे को पागलपन से प्यार करते थे। उन्होंने कहा कि यह भारी मन के साथ है कि हम उनके सबसे खूबसूरत प्रदर्शनों को फिर से देखेंगे। हमने एक फ्रांसीसी अभिनेता खो दिया है। सोशल मीडिया पर उलील को श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा हुआ है।